उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण तथा खाद्यान्नों का उचित भंडारण करें सुनिश्चित-उपायुक्त

Local News
07 Jul 2026
48 views
उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण तथा खाद्यान्नों का उचित भंडारण करें सुनिश्चित-उपायुक्त

Speak Himachal/Nahan

नाहन 07 जुलाई। उपायुक्त कार्यालय नाहन के सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति तथा जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत  जिला सिरमौर में ग्रामीण स्तर पर 2,66,965 लाभार्थियों व शहरी स्तर पर 14,138 लाभार्थियों का चयन करने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 31 मई, 2026 तक ग्रामीण स्तर पर 229445 तथा शहरी स्तर पर 12360 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है।


  उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि जिला में क्रियाशील उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करें तथा बरसात के मध्यनजर खाद्यान्नों का उचित भंडारण करना भी सुनिश्चित करें। बैठक का संचालन करते हुए जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सिरमौर शमशेर सिंह ने बताया कि जिला में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अन्तोदय अन्न योजना के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को 18.800 कि0ग्रा0 गन्दम आटा व 15 कि0ग्रा0 चावल प्रति कार्ड की दर से निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। प्राथमिक गृहस्थियों जिनमें बी0पी0एल, तिब्बतियन शरणार्थी, अन्नपूर्णा राशन कार्ड धारक, वृद्धावस्था पैंशन, निःशक्तता पैंशन तथा कुष्ठ रोग पैंशन धारक परिवारों को प्रति माह 2.800 कि0ग्रा0 गन्दम आटा व 2 कि0ग्रा0 चावल प्रति व्यक्ति निःशुल्क दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से उपर अर्थात ए0पी0एल श्रेणी के अन्तर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को 11 कि0ग्रा0 गन्दम आटा 12 रुपये व 6 कि0ग्रा0 चावल 13 रुपये प्रति किलो की दर से प्रति कार्ड राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। 


उन्होंने बताया कि 1 नवंबर, 2025 से 31 मई, 2026 तक  एनएफएसए के तहत 3,078 तथा ओटीएनएफएसए के तहत 3144 मीट्रिक टन चावल तथा एनएफएसए के तहत 4119 तथा  ओटीएनएफएसए के तहत 6055 मीट्रिक टन गंदम आटा  जिला के पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया गया है।


जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक


जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिला सिरमौर में 379 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वर्तमान में 135899 राशनकार्ड धारक को 1 नवंबर, 2025 से 31 मई, 2026 तक 62228 क्विंटल चावल तथा 101676 क्विंटल आटा, 12510 क्विंटल दालें, 987162 लीटर खाद्य तेल, 12142 क्विंटल चीनी तथा 3079 क्विंटल नमक गुणवत्ता पूरक खाद्यान सामग्री उपलब्ध करवाई गई।  उन्होंने जिला में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने बारे भी समीक्षा की।


जिला नियन्त्रक सिरमौर शमशेर सिंह ने बताया कि खाद्यानों की गुणवत्ता के लिए समय-समय पर नमूनों को एकत्रित कर निदेशालय को विश्लेषण के लिए भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि माह नवंबर, 2025 से मई, 2026 तक 2187 निरीक्षण किए गए जिनमें 28 मामलों में अनियमितताएं पाई गई तथा 40 हजार, 458 रुपये जुर्माना कर सरकारी कोष में जमा करवाया गया है। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में 16 गैस एजेंसियां कार्यरत है जिसके माध्यम से 1,62,654 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से उपलब्ध करवाई जा रही। उन्होंने  बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जिला में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दो खरीद केंद्रों धौला कुआं एवं एपीएमसी पांवटा साहिब के माध्यम से 19,777 क्विंटल गेहूं खरीद की गई।


बैठक में अध्यक्ष नगर परिषद नाहन उपमा धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक राज्य आपूर्ति निगम नरेश कुमार, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन संजय कुमार, सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts