Home Blog Page 222

खाई में गिरा ट्रक, सड़क पर गिरने के बाद तीन हिस्सों में बंटा ट्रक

0

पांवटा साहिब : उपमंडल के मानल-कांटी मशवा सड़क पर देर रात एक ट्रक के खाई में गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया है। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात को कांटी मशवा सड़क पर दोसड़का के पास एचपी 17बी-3424 ट्रक को ट्रक चालक बेक कर रहा था की अचानक ट्रक सड़क से बाहर हो गया तथा करीब 100 मीटर खाई में रूड़क कर कोड़गा – सखौली सड़क पर गिर गया। ट्रक के गिरने आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए तो देखा की 32 वर्षीय सुंदर सिंह ट्रक के बीच बुरी तरह से फंसा हुआ था तथा गंभीर रूप से घायल था।

ग्रामीणों ने घायल को ट्रक से बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर से घायल व्यक्ति को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।बताया जा रहा है की हादसा इतना भयानक था की ट्रक तीन हिस्सों में बट गया। ट्रक चालक दिनेश ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


उधर पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने बताया एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जलशक्ति विभाग में होगी 4000 पैरा वर्करों की भर्ती : महेंद्र सिंह

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश में जल शक्ति विभाग में 4000 और पैरा वर्करों की भर्ती की जाएगी। इसको लेकर जल शक्ति विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर दिया है। इनकी भर्ती पर आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में मोहर लगेगी। राज्य में पेयजल व सिंचाई योजनाओं का नैटवर्क बढ़ने के कारण फील्ड स्टाफ की भर्ती जरूरी हो गई है। यह जानकारी जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल को 4500 करोड़ रुपए की राशि मिली थी, जिसमें से 1800 करोड़ रुपए अभी खर्च करने को बचे हैं। इस राशि को 31 दिसम्बर तक खर्च किया जाएगा। इसके लिए विभाग के सभी अधिकारियों को चल रही योजनाओं का कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी हिमाचल के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत दूसरे चरण में वाटर सोर्स स्ट्रैंथनिंग का कार्य किया जाना है, जो वर्ष 2024 तक पूरा किया जाएगा।


जल शक्ति मंत्री ने प्रदेश में चल रहे जल संकट को लेकर ईएनसी व सचिव जल शक्ति विभाग के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों ने बताया कि शिमला व इसके साथ लगते क्षेत्रों में जल संकट है, लेकिन यहां पर पानी शिमला जल प्रबंधन निगम द्वारा दिया जाता है। इसके अलावा जिला शिमला के ठियोग-मतियाना क्षेत्र में पानी की दिक्कत है। वहां पर 160 करोड़ की कुरपन खड्ड का कार्य चल रहा है। इसके अलावा कुछ समस्या सोलन की है, जहां पर कुछ क्षेत्र नगर निगम देखती है। सोलन के लिए 110 करोड़ की योजना का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

नाहन  : ए.डी.बी. ने किया सौंदर्यकरण के दृष्टिगत प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण

0

नाहन : बुधवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ए.डी. बी.) की तकनीकी टीम ने शहर के सौंदर्यकरण परियोजना के दृष्टिगत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।    विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष हि.प्र. विधानसभा डा. राजीव बिन्दल ने यह जानकारी प्रदान की।।उन्होंने बताया कि इस टीम में एड़ीबी की तकनीकी टीम के मुखिया इंजीनियर अजय गर्ग और उनके सहयागियों  में आर्किटेक्ट प्रशांत, अविनाश और सिरमौर टूरिज्म अधिकारी राजीव मिश्रा भी उपस्थित रहे। टीम के सदस्यों के साथ हमारी नाहन के सौंदर्यकरण की प्रस्तावित परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।  

डा. बिन्दल ने कहा कि हम शहर के सौंदर्यकरण और शहर के हैरिटेज स्थलों के विकास और संरक्षण के लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमने शहर के सौंदर्यकरण कार्य को एडीबी परियोजना में शामिल किया है। कोरोना के कारण फंड की कमी होने के कारणा अभी तक हम इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ा पाए थे, किन्तु कोरोना काल के उपरांत हम इस परियोजना को लेकर एक बार पुनः आगे बढ़ रहे हैं।डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि हमारे फाउंडरी का गौरवशाली इतिहास रहा है और जनभावनाएं देखते हुए हम यहां पर क्राफ्ट विलेज  बनाने की योजना पर हम आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही ऐतिहासिक तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण के अलावा कुछ हेरिटेज स्थलों का सौंदर्यकरण और विकास भी इस परियोजना के अन्तर्गत किया जाना प्रस्तावित है। 

उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार में हम शहर के सौंदर्यकरण के इस महत्वपूर्ण कार्य को आने वाले समय में पूरा करने में सक्षम होंगे।

कुल्लू के डोभी में पैराग्लाइडिंग हादसा, पर्यटक और पायलट की मौत

0

कुल्लू : जिले में पैराग्लाइडिंग साइट डोभी में एक पैराग्लाइडर क्रैश हो गया। हादसे में एक पर्यटक युवक और पायलट की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पतलीकूहल पुलिस थाना के अंतर्गत डोभी के पास बुधवार सुबह 11:30 बजे के आसपास एक पैराग्लाइडर ने उड़ान भरी, लेकिन कुछ ही देर बाद पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर हवा में लुढ़कते हुए जमीन पर जा गिरा।

हादसे के बाद पैराग्लाइडिंग साइट में अफरा-तफरा मच गई और स्थानीय लोग राहत बचाव कार्य में जुट गए। वहीं पतलीकूहल पुलिस भी मौके पहुंची। लेकिन इस दौरान पैराग्लाइडिंग सवार पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पायलट को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

हादसे में मृतक की पहचान आदित्य शर्मा (20) पुत्र अमित शर्मा अशोक नगर अंबाला कैंट हरियाणा तथा पायलट कृष्ण गोपाल (24) पुत्र नमी राम निवासी भटकराल शिरढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य शर्मा परिजनों के साथ घूमने मनाली आया हुआ था और बुधवार को वह पैराग्लाइडिंग करने के लिए डोभी पहुंचा था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

सिरमौर में 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 10000 लोग करेंगे योग – DC

0

नाहन : जिला सिरमौर में 21 जून को 8 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लगभग 10000 लोग पूरे जिला में योग करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम नाहन चौगान  में आयोजित किया जाएगा। नाहन चौगान के अतिरिक्त 14 अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें गुरुद्वारा मैदान पांवटा सहिब, परशुराम ताल श्री रेणुका जी, स्कूल मैदान राजगढ़, स्कूल मैदान त्रिलोकपुर, स्कूल मैदान माजरा, स्कूल मैदान शिलाई, श्री बडूसाहिब, स्कूल मैदान बेचड का बाग, स्कूल मैदान धामला, मां भंगायणी मन्दिर मैदान हरिपुरधार, नौहराधार, प्राईमरी स्वास्थ्य केन्द्र गत्ताधार मैदान, सराहां स्कूल और स्कूल मैदान कालाआम्ब शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, जिला में सभी आयुर्वेदिक संस्थानों और फार्मा उद्योगों में भी योग आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से शुरू होगा। योगाभ्यास के लिए लोगों को अपने साथ योगा मैट या चादर लानी होगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में 10 से 15 डेमोंस्ट्रेटर मंच से योग मुद्राए करके लोगों को दिखाएंगे। इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवक लोगों के मध्य उपस्थित रहेंगे जो उन्हें ठीक प्रकार से योग करने में सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि नाहन चौगान में चारों प्रवेश द्वारों पर पंजीकरण सुविधा उपलब्ध होगी।

इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह, आर्ट ऑफ लिविंग, योग समिति, ब्रह्मकुमारी आश्रम, संस्कृत काॅलेज, डाइट नाहन, नेहरू युवा केन्द्र, आस्था स्पेशल स्कूल, मेडिकल कॉलेज, पीजी कॉलेज सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र- छात्राएं भाग लेंगे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर मनेश यादव, जिला आयुर्वेद अधिकारी डाॅ राजन सिंह, नोडल अधिकारी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस डाॅ प्रमोद पारीक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

SC-ST एक्ट के तहत 53 मामलों में 60 पीड़ितों को जारी की 77 लाख की राशि – DC

0

नाहन :  सिरमौर जिला में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2019 से 31 मई 2022 तक 53 मामलों के तहत 60 पीड़ितों को 77 लाख रुपये की राहत राशि जारी की गई है।यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज यहां जिला स्तरीय सतर्कता एंव प्रबोधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने बताया कि जिला में 2019 से अब तक कुल 54 मामले दर्ज हुए जिनमें से 39 न्यायालय में लंबित, 10 मामले खारिज, 03 मामलों से एससी/एसटी की धाराएं हटाई गई, 01 मामले की पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है जबकि 1 मामले में बरी किया गया है।इसके उपरान्त, स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक में बताया गया कि इस त्रैमास में कानूनी संरक्षक हेतु कोई भी मामला समिति के समक्ष नहीं रखा गया जबकि इस अवधि में 02 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिन्हें संबंधित तहसील कल्याण अधिकारियों को नियमानुसार औपचारिकताएं पूर्ण करवाने एवं तथ्यों की छानबीन हेतु प्रेषित किया गया है।

उपायुक्त ने जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति की बैठक में डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में दिव्यांगजनों को चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने के लिए सप्ताह में 2 दिन निर्धारित करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मेडिकल काॅलेज के साथ-साथ जिला के समस्त सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों में दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए अलग कतार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याणार्थ के लिए प्रधानमंत्री नया 15 सूत्री कार्यक्रम की बैठक में एकीकृत बाल विकास योजना सेवाओं की उपलब्धता, विद्यालय शिक्षा की उपलब्धता को सुधारने, उर्दू शिक्षण के लिए अधिक संसाधन, मदरसा शिक्षा का आधुनिकीकरण, अल्पसंख्यक समुदायों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, मौलाना आजाद शिक्षा प्रतिष्ठान के माध्यम से शैक्षिक अवसंरचना को उप्रत करना, दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्टीय शहरी आजीवीका मिशन, तकनीकी शिक्षा के माध्यम से कौशल उन्नयन, अल्पसंख्यक समुदाय वाली मलिन बस्तियों की स्थिति में सुधार, राज्य व केन्द्रीय सेवाओं में भर्ती, ग्रामीण आवास योजना में संचित हिस्सेदारी, सांप्रदायिक घटनाओं की रोकथाम, सांप्रदायिक अपराधों की रोकथाम हेतु अभियोजन तथा सांप्रदायिक दंगो के पीडितों को पुर्नवास जैसे मदो पर विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि कैलेण्डर वर्ष 2022-23 में अल्पसंख्यक समुदाय के 16 लाभार्थियों को 70 लाख 70 हजार रुपए की राशि ऋण व अभी तक जिला में कुल 1325 लाभार्थियों को 31 करोड़ 63 लाख की राशि सरल ऋण के रूप में प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारीयों को स्कूल अध्यापकों को अल्पसंख्यक मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोतसाहित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रवृति के लिए आवेदन करें।बैठक में जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने उपायुक्त सहित बैठक में आए सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत किया तथा बैठक की कार्रवाई को मदवार प्रस्तुत किया।

सिरमौर में बाल मजदूरी व बाल शोषण को जड़ से मिटाने के लिए चलाया जाएगा अभियान

0

नाहन : सिरमौर जिला में बाल मजदूरी व बाल शोषण को जड़ से मिटाने के लिए सभी सम्बंधित विभागों द्वारा विशेष जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज यहां आयोजित चाइल्ड लाइन एडवाइजरी बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया की इस अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों और पंचायतों के माध्यम से लोगों को भी जागरूक किया जाएगा ताकि वह अपने आस पास बच्चों के हितों की रक्षा कर सकें। उन्होंने बाल अधिकारों के उल्लंघन व बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि बाल अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

उपायुक्त ने बैठक में बताया कि सिरमौर के पांवटा साहिब, त्रिलोकपुर सहित अन्य क्षेत्रों में बच्चों को भीख मांगते देखा गया है, जिसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र की पहचान कर भीख मांगने वाले बच्चों के परिवार के सदस्यों की काउंसलिंग कर इन बच्चों की शिक्षा का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने चाइल्ड लाइन समन्वयक को हर माह अलग-अलग स्थानों पर कार्यशाला का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बच्चों के अधिकारों के लिए कार्य कर रहे सभी विभागों को अगली बैठक के लिए बच्चों के हितों से सम्बंधित कानूनों और उनकी ज़िम्मेदारियों की पूरी जानकारी साथ लेकर आने के निर्देश दिए ताकि बच्चों के संबंधित अपराधों में तुरंत कार्यवाई की जा सके। 

उपायुक्त ने बच्चों के हितों के लिए कार्य कर रहे सभी संगठनों को मिलकर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि बाल मजदूरी व बाल शोषण को जड़ से मिटाया जा सके।उपायुक्त ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी कंपनियों में चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 का लोगो लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में मूल्य आधारित शिक्षा शुरू करने को कहा ताकि उनका चरित्र निर्माण हो सके और बच्चों को विभिन्न मुद्दों जैसे कि बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल शोषण के बारे में स्कूलों में ही जागरूक किया जा सके। इसके अतिरिक्त, छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी बताया जाए।

उन्होंने शिक्षा उपनिदेशक सिरमौर को जिला के सभी प्राइवेट स्कूलों की बसों में कैमरा लगवाने के लिए गाइडलाइंस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, लड़कियों को ले जाने वाली बसों में महिला अटेंडेंट का होना अनिवार्य किया जाएगा।उन्होंने मेडिकल कॉलेज के अधिकारी को दिव्यांगों के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के लिए अलग से बोर्ड बिठाने और अलग कमरे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा उपनिदेशक को निर्देश दिए कि 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले सभी स्कूली छात्रों को शिक्षा विभाग की ओर से दी जाने वाली सभी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अस्थाई तौर पर 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग सर्टिफिकेट उपलब्ध हो तो अगले 5 वर्षों के बाद रिव्यू बैठक तक उस छात्र व छात्रा को विभाग की ओर से दिए जाने वाले सभी प्रकार की सुविधाओं का लाभ दिया जाना चाहिए।

हरिपुरधार : गेहल के सुरेश ठाकुर बने सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल

0

हरिपुरधार : उप तहसील के गेहल गांव के सुरेश ठाकुर सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बन गए है। सोमवार को ही उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल का पदभार ग्रहण किया है। सुरेश ठाकुर महल क्षेत्र से पहले ऐसे आर्मी ऑफिसर बन गए है जिन्होंने इस पद तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की है। उनकी इस सफलता से गेहल गांव के लोग जहां गौरववित हो रहे है वही समूचे महल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

रविवार को जब  ठाकुर के परिजनों को उनके लेफ्टिनेंट कर्नल बनने की सूचना मिली तो परिवार के सदस्यो के चेहरे खुशी से खिल गए। परिजनों को बधाईयां देने वालो का दिनभर तांता लग गया।   प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव के स्कूल से पूरी करने के बाद सुरेश ठाकुर ने मेट्रिक तक की शिक्षा हरिपुरधार के एक सरकारी स्कूल से पूरी की। 2001 में मेट्रिक , 2003 में जमा दो व 2006 में बीएससी की परीक्षा पास की। 2006 मे पढ़ाई पुरी करने के बाद उन्होने 2008 में देहरादून में अकादमी  ज्वॉइन की,और 2009 जून मे आईएमए देहरादून से पास आउट हुए। 2013 मे कैप्टन बने व 2015 मे पदोन्नति मिलने पर मेजर बने।

देहरादून मे नॉर्थ ईस्ट और राष्ट्रिय राइफल्स में एलओसी पर भी वे अपनी सेवाए दे चुके है। रविवार को एक और पदोन्नति मिलने के बाद ठाकुर सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बन गए है।

आशुतोष गुप्ता को बनाया सिरमौर सदस्यता इकाई प्रमुख

0

नाहन : मंगलवार को सहकार भारती ज़िला सिरमौर की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को प्रान्त संगठन प्रमुख डा0 विवेक ज्योति और प्रान्त अध्यक्ष राजेश कुमार कपिल ने विशेष रूप से सम्बोधित किया। उन्होंने संगठन के सामाजिक कार्यों और संगठन की कार्यशैली की जानकारी सभी सहकार बन्धुओं को दी। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के विभिन्न प्रकल्प चलाकर समाज सेवा करने के लिए योजना बनाने पर बल दिया। प्रदेश में सहकारिता से सम्बन्धित कानूनी पहलुओं और इस सम्बन्ध में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। आशुतोष गुप्ता ने सहकारिता विषय पर सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया ।

इस बैठक में ज़िले में सहकार भारती का सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। यह अभियान 15 जुलाई, 2022 तक चलेगा।  इस कार्य हेतु आशुतोष गुप्ता को सदस्यता प्रमुख और अरविंद्र, राकेश खन्ना, देवेंद्र वर्मा और अशरफ अली को सह सयोंजक का दायित्व सौंपा गया।  महिला वर्ग में  सदस्यता को विशेष ध्यान देने  के लिए अर्चना सैनी को महिला सदस्यता प्रमुख व किरण कुमारी  को सह सदस्यता प्रमुख नियुक्त किया गया। बैठक में सहकार भारती संगठन के विस्तार के लिए विनीत अग्रवाल को सयोंजक, पंकज अग्रवाल  और देव दत चौधरी को सह सयोंजक का दायित्व दिया गया।अमन गुप्ता ज़िला विधि प्रकोष्ठ प्रमुख व अनिल अग्रवाल कोषाध्यक्ष होंगे।सदस्यता के उपरान्त जिले में सदस्यता सम्मेलन व अभ्यास वर्ग करने का निर्णय किया गया।

पांवटा विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड के तहत 80 करोड़ की योजनाएं हुई स्वीकृत – सुखराम चौधरी

0

पांवटा साहिब : बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुख राम चौधरी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, भंगाणी में 20 लाख की लागत से निर्मित होने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने भंगानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुराने भवन की जगह नया भवन तैयार करवाने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, भंगाणी में साइंस लैब के लिए एक करोड़ की राशि स्वीकृत करवाने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने शमशान घाट के लिए बनाये जा रहे रस्ते के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। 

ऊर्जा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी के बावजूद भी प्रदेश में विकास की गति को रुकने नहीं दिया। प्रदेश में केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनके माध्यम से हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में लाभान्वित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र के लिए नाबार्ड के तहत 80 करोड़ की राशि प्रदान की जाती थी, जिसमें से पांवटा विधानसभा क्षेत्र में केवल 10 करोड़ की योजनाएं ही स्वीकृत हो पाई। वहीं वर्तमान प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल में यह राशि बढ़ाकर 135 करोड़ कर दी गई है, जिसमें से अभी तक 80 करोड़ की योजनाएं उनके द्वारा पांवटा विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवा दी गई हैं तथा सात अन्य योजनाएं स्वीकृति हेतु भेजी गई हैं जिनकी स्वीकृति उपरांत नाबार्ड की राशि में से लगभग 133 करोड़ की योजनाएं पांवटा विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत हो जाएँगी। उन्होंने बताया कि बकाया राशि की योजनाएं भी स्वीकृति हेतु तैयार कर दी गई हैं जिसे जल्द ही स्वीकृति हेतु भेज दिया जाएगा।


उन्होंने कहा कि गिरी नदी पर 48 करोड़ की लागत से बांगरन डबल लेन पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा तथा 37 करोड़ से पांवटा-डाकपत्थर रोड का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इनके लिए मामला सीआरआईअफ को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही जल्द इन कार्यों को आरम्भ किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश कृषि भूमि है इसलिए यहां अधिक से अधिक सिंचाई ट्यूबवेल की आवश्यकता है। इसके मद्देनजर विभाग के साथ मिलकर नियम बनाए जा रहे है ताकि सिंचाई हेतु 30 बीघा भूमि के लिए ट्यूबवेल स्वीकृत करवाया जा सके तथा जहाँ यह ट्यूबवेल स्थापित होगा उसके साथ लगती 30 बीघा भूमि को इस ट्यूबवेल के माध्यम से सिंचित किया जाएगा तथा इसके एवज में भू मालिक प्रति घंटे के हिसाब राशि जमा करवाएँगे।


इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला परिषद अंजना शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रीति देवी, प्रधान भगानी हरजिंदर कौर, उप प्रधान सुरजीत, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजय मेहता, राहुल चौधरी, अध्यक्ष एससी मोर्चा राजेश, प्रधानाचार्य जीएसएसएस भगानी रामपाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एल. चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।