जब मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग को पैर छूने से रोका और खुद छू लिए उनके पैर

Local News
•
28 Jun 2022
•
20 views
जब मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग को पैर छूने से रोका और खुद छू लिए उनके पैर

मंडी : मंगलवार को मंडी दौरे पर गए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उस समय असहज हो गए जब एक बुजुर्ग ने उनके पैर छूने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने इन बुजुर्ग को रोका और स्वयं उनके पांव छू लिए। 

प्रदेश की दूसरी स्टेट यूनिवर्सिटी के शुभारंभ के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री जब कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे, तब एक बुजुर्ग सड़क किनारे खड़े थे। मुख्यमंत्री के साथ समर्थकों की भीड़ देखते हुए यह बुजुर्ग एक ओर हट गए मगर मुख्यमंत्री स्वयं उनकी ओर चले गए।

कंधे पर झोला उठाकर खड़े इन बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री की ओर एक कागज बढ़ाया और उनके पांव छूने की कोशिश की। मगर मुख्यमंत्री ने तुरंत उन्हें रोका और उनके पांव छू लिए। मुख्यमंत्री ने पूछा तो बुजुर्ग ने अपनी समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग की ओर से दिया प्रार्थना पत्र अपने पास रखते हुए उन्हें भरोसा दिया कि वह देखेंगे कि इस पर क्या हो सकता है। 

इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल की ओर चले गए तो पत्रकारों ने इन बुजुर्ग से बातचीत की। यह पता चला कि बुजुर्ग का नाम बाला राम है और वह रिवालसर के रहने वाले हैं। उनकी उम्र 80 वर्ष है और अस्वस्थ भी रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कटोला में कार्यरत उनके बेटे का तबादला रिवालसर किया जाए ताकि वह नौकरी करने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी कर सके।

Related posts