हाटियों को एसटी दर्जा मिलने के बाद भी सुक्खू सरकार कर रही है आना कानी : जयराम ठाकुर

Local News
•
31 Jul 2024
•
25 views
हाटियों को एसटी दर्जा मिलने के बाद भी सुक्खू सरकार कर रही है आना कानी : जयराम ठाकुर

शिमला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हाटी समुदाय का प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से लोकसभा कार्यालय में मुलाक़ात की। प्रतिनिधि मण्डल ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताकर अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की। प्रतिनिधि मण्डल ने हाटी समुदाय को संविधान संशोधन से अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने के बाद भी राज्य सरकार द्वारा क़ानून को लागू न किए जाने के बारे में भी गृहमंत्री को अवगत करवाया।

प्रतिनिधि मण्डल ने कहा कि क़ानून बने एक साल से ज़्यादा का समय बीत गया है लेकिन राज्य सरकार की उदासीनता के कारण अभी तक किसी को भी कोई लाभ नहीं मिला है। इस क़ानून को लागू करने में सुक्ख़ू सरकार द्वारा हर कदम पर रोड़े अटकाए गये हैं। कांग्रेस नीत सुक्खू सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही हाटी समुदाय के हितों की रक्षा के लिए बने क़ानून में हर तरह से व्यवधान डाला गया है। जिसके कारण हाटी समुदाय को संसद द्वारा पारित किए गए क़ानून का कोई लाभ नहीं मिल पाया है। प्रतिनिधि मण्डल ने गृहमंत्री से जल्दी से जल्दी हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति दर्जा देने वाले क़ानून को लागू करवाने का निवेदन भी किया।  प्रतिनिधि मंडल में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ सिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, प्रोफेसर अमीचंद, कुन्दन सिंह, रन सिंह और अतर सिंह नेगी शामिल रहे।

Related posts