मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण क्षेत्र के विकास का नया अध्याय : डॉ. राजीव बिंदल
Speak Himachal/Nahan
नाहन 17 जुलाई, 2026 :
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की ऐतिहासिक मारकंडा नदी पर जनता के सहयोग, विश्वास और निरंतर प्रयासों से रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन पुलों ने हजारों लोगों के जीवन को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि एक समय ऐसा था जब बरसात के मौसम में मारकंडा नदी उफान पर आने से लोगों के मन में भय का वातावरण बन जाता था। नदी पार करने के दौरान अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी और कई गांवों का संपर्क घंटों, बल्कि कई बार दिनों तक कट जाता था। विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध ढंग से पुलों का निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि नाहन–पांवटा साहिब मार्ग पर खजूरना में निर्मित पुल मरकंडा नदी पर बना 11वां पुल है। इससे पहले बनकला, ढीमकी, रुखड़ी, मोगीनंद सहित विभिन्न स्थानों पर पुलों का निर्माण कराया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के अनेक गांवों को हर मौसम में सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि ये पुल केवल कंक्रीट और लोहे की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि सेंकड़ों परिवारों की सुरक्षा, सुविधा और विकास के मजबूत आधार हैं। इनसे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है तथा क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का अवसर मिला, जिसके परिणामस्वरूप आज मरकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण संभव हुआ है। यह उपलब्धि पूरे नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा, "यह हमारा सौभाग्य है कि हमें मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिला। यह केवल पुलों का निर्माण नहीं, बल्कि जनसुरक्षा, जनसुविधा और विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"