मेरा युवा भारत कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
Speak Himachal/Nahan
नाहन 09 जुलाई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर लायक राम वर्मा की अध्यक्षता में आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सभागार में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गठित जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर एल.आर.वर्मा ने बताया कि मेरा युवा भारत के तहत जिला स्तरीय युवा विकास कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से कार्यान्वित करने के लिए जिला युवा सलाहकार समिति का गठन किया गया है। यह समिति जिला के युवाओं को सशक्त बनाने, उन्हें राष्ट्र निर्माण में सम्मिलित करने और मेरा भारत अभियान को जमीनी स्तर तक पंहुचाने में सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि इस समिति का मुुख्य उदेश्य जिला के लिए वार्षिक युवा कार्य योजना को तैयार करना तथा कार्यान्वित करना, युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी तथा गैर सरकारी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना है ताकि युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा और भविष्य के लिए मार्ग दर्शन मिल सके तथा उन्हें नेतृत्व विकास, अनुभवात्मक, शिक्षण सामुदायिक सहभागिता व राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न अवसर उपलब्ध करवाने का एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि 2011 की जनगणना के अनुसार जिला की 5 लाख, 29 हजार, 855 की जनसंख्या है, जिसमें लगभग 01 लाख, 95 हजार युवा है। माय भारत पोर्टल पर जिला के 16 हजार, 856 युवा 30 जून, 2026 तक पंजीकृत हो चुके है जबकि 15 अगस्त, 2026 तक 23 हजार, 74 युवाओं को पंजीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जिला के 15 से 29 वर्ष आयु के सभी युवाओं से अपील की है कि वह 15 अगस्त, 2026 तक सघन माय भारत अभियान के तहत ‘‘माय भारत पोर्टल’’ पर अपना पंजीकरण करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त जिला सिरमौर में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, माय भारत सिरमौर अमृषा शर्मा ने बैठक में विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया तथा विभाग के अन्तर्गत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में समिति के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।