सिरमौर में 24 घंटे में 111 एमएम बारिश दर्ज, 34 सड़कें बंद, PWD को करीब 87 लाख रुपए का नुकसान
Speak Himachal/Nahan
नाहन 9 जुलाई, 2026 :
सिरमौर जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते जिले में दर्जनों सड़कें बंद हो गई हैं और बड़ी संख्या में बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिला में 34 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं बारिश का सबसे अधिक असर शिलाई डिवीजन में देखने को मिला है, जहां 21 सड़कें बंद हैं। लोक निर्माण विभाग सड़कें बहाल करने में जुटा हैं। उन्होंने बताया कि जिला में 63 ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि नाहन में 4 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई है।
बारिश से लोकनिर्माण विभाग को तक करीब 87 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था, जबकि कल भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।