गिरी उठाऊ पेयजल योजना लाइन में मरम्मत कार्य के चलते 10 दिनों तक एक दिन छोड़कर होगी शहर में पानी की सप्लाई
Speak Himachal/Nahan
नाहन 08 जुलाई, 2026 :
नाहन शहर को मुख्य रूप से पेयजल सप्लाई करने वाली गिरि उठाऊ पेयजल योजना की मुख्य लाइन में मरम्मत कार्य के चलते शहर में करीब 10 दिनों तक एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जाएगी। मामले को लेकर जल शक्ति विभाग की अधीक्षण अभियंता इंजीनियर राजीव कुमार नाहन में आज मीडिया से बात कर रहे थे।
राजीव कुमार ने बताया कि रामा धौन क्षेत्र में लैंडस्लाइड के कारण इस पाइपलाइन को बार-बार नुकसान पहुंचता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल शक्ति विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मरम्मत कार्य 19 जुलाई के बाद प्रस्तावित है। इस कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए करीब 24 घंटे तक लगातार मरम्मत कार्य चलेगा। विभाग ने पानी की आपूर्ति को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था की है। इस दौरान खैरी और नेहरस्वार पेयजल योजनाओं के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। मरम्मत के चलते आगामी 10 दिनों तक एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
जल शक्ति विभाग ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का सोच-समझकर उपयोग करें, आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण कर लें ।उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान विभाग का सहयोग करें, ताकि काम समय पर पूरा हो सके और नियमित पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल की जा सके।