फिट इंडिया फ्रीडम राइडर बाइकर्स रैली का नाहन पहुंचने पर हुआ स्वागत

Local News
•
23 Sep 2022
•
18 views
फिट इंडिया फ्रीडम राइडर बाइकर्स रैली का नाहन पहुंचने पर हुआ स्वागत

नाहन : आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर फिट इंडिया का संदेश देने के लिए गत 09 सितम्बर को नई दिल्ली से रवाना हुई फ्रीडम राइडर बाइकर्स रैली आज सिरमौर जिला मुख्यालय चौगान मैदान नाहन पहुंचीं जिसका जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर मनेश कुमार यादव द्वारा स्वागत किया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम राइडर बाइकर्स रैली को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 09 सितम्बर को नई दिल्ली में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। फ्रीडम राइडर बाइकर्स रैली में 75 बाइक पर 120 राइडर, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं, 75 दिन के भ्रमण के लिए निकले हैं और 6 अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं सहित 34 राज्य को छुएंगे। यह रैली 250 से ज्यादा जिलों का भ्रमण करेगी और 75 दिनों में 18,000 किलोमीटर का सफर तय करके 25 नवम्बर 2022 को वापस दिल्ली लौटेगी।

उन्होंने बताया कि बाइकर रैली का सिरमौर के नैना टिक्कर में नेहरू युवा केन्द्र, एनएसएस तथा एनसीसी के युवाओं द्वारा स्वागत किया गया जिसके बाद यह रैली चौगान मैदान नाहन पहुंची। नाहन के उपरांत यह बाइकर रैली पांवटा साहिब होते हुए उत्तराखंड के लिए रवाना हुई।

जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केन्द्र अनिल डोगरा ने नाहन पहुंचने पर बाईकर्स रैली के प्रतिभागियों का स्वागत किया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के प्रो. पंकज चांडक ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी संजय शुक्ल के अतिरिक्त खेल विभाग के अधिकारी, नेहरू युवा केन्द्र, एनएसएस और एनसीसी के स्वयं सेवक भी उपस्थित थे।

Related posts