अच्छी संगति में रहकर करें अपने परिवार और समाज का नाम रोशन : उपायुक्त

Local News
•
21 Dec 2024
•
19 views
अच्छी संगति में रहकर करें अपने परिवार और समाज का नाम रोशन : उपायुक्त

नाहन 21 दिसम्बर- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग नाहन के सौजन्य से कालाअंब में हिमालयन ग्रुप आॅफ प्रोफेशनल इंस्टीटयूशंस में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त सिरमौर सुमित खिम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने उपस्थित लोगों तथा छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे ने इस प्रकार जकड़ लिया है कि वह अपने परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पता नहीं चलता जबकि एक सभ्य व्यक्ति परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भलींभांति समझता है। नशे का सेवन करने वाले व्यक्ति से उसके परिवार परेशानी तो होती ही है अपितू परिवार को आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ता है।

उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने और अधिक से अधिक लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने पर बल दिया। इसके अलावा उन्होंने छात्रों को समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अच्छी संगति में रहें और अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करें। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष रजनीश बंसल तथा उपाध्यक्ष विकास बंसल ने नशे के दुष्परिणामों और सरकार द्वारा नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रावधानों की जानकारी दी। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डाॅ. आर बी शर्मा ने छात्रों को नशे की लत और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नशा मुक्त भारत पर आधारित नाटी व नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पोस्टर प्रदर्शनी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में पायल, यश और अंतिम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि रितेश ने दूसरा और कुमकुम ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व अल्ट कम्यूनिकेशन के चेयरमेन संजय सिंगला ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, तहसील कल्याण अधिकारी धर्मी देवी, राजू खान सांख्यिकी सहायक नाहन तथा हिमालयन ग्रुप आॅफ प्रोफेशनल इंस्टीटयूशंस कालाअंब के पदाधिकारी उपस्थित थे।                                               

Related posts