भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले भगवान राम के श्राप से राज्यसभा चुनाव हारे सिंघवी

Local News
•
30 Apr 2024
•
14 views
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले भगवान राम के श्राप से राज्यसभा चुनाव हारे सिंघवी

संगड़ाह : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने गत 27 फरवरी को कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी की हार व विधायकों की क्रास वोटिंग का कारण भगवान राम का श्राप बताया। उन्होंने कहा भगवान राम का अस्तित्व नकारने व मुस्लिम तुष्टिकरण करने वाली कांग्रेस के नेता अभिषेक मनु सिंघवी अदालत में लंबे समय तक राम मंदिर निर्माण रोकने व राम लला को टेंट में ही रखने की लगातार कोशिश करते रहे। ऐसे राम विरोधी को वोट डालने को हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले देवभूमि के 9 कांग्रेस व निर्दलीय विधायकों की अंतरात्मा ने इजाजत नहीं दी और भाजपा के हर्ष महाजन सांसद चुने गए।

बिंदल ने कहा कि, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकराने वाली कांग्रेस ओबीसी का 6 फीसदी आरक्षण मुसलमानों को देना चाहती है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक दशक के शासनकाल में जहां भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना, वहीं राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने व चांद के दक्षिणी छोर पर चंद्रयान का उतरना जैसे ऐतिहासिक काम भी इस दौरान हुए।

उन्होंने कहा कि, हिमाचल में गत वर्ष आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मोदी सरकार ने करीब 18000 करोड़ की मदद जारी की मगर सुक्खू सरकार ने इसमें भी बंदरबांट की और अपने चहेतों को आंशिक नुकसान होने पर भी पूर्ण प्रभावितों जितनी ही राशि जारी करवाई। सम्मेलन में मौजूद शिमला के सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप ने मोदी सरकार की पीएम किसान, आयुष्मान भारत, उज्जवला, लखपति दीदी व पीएम आवास जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, अगले 5 साल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कश्यप ने कहा कि, उनके वर्तमान कार्यकाल में करीब साढ़े पांच दशकों से लंबित गिरिपार वासियों को जनजातीय दर्जे की मांग पूरी होना व प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 7000 करोड़ की रेणुका जी बांध परियोजना का शिलान्यास किया जाना इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार द्वारा पहली कैबिनेट में महिलाओं को 1500 पेंशन व 1 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी पूरी न किए जाने को जनता से धोखा करार दिया।

संगड़ाह मे विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता व ददाहू में बीडीओ कार्यालय सहित रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में डेढ़ दर्जन संस्थान बंद किए जाने पर स्थानीय विधायक विनय कुमार की चुप्पी पर भी उन्होंने सवाल उठाए। एतिहासिक किंकरी देवी पार्क संगड़ाह में आयोजित भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के सभी 130 मतदान केंद्रों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी पंहुचने।

मंडल स्तरीय इस सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल व सांसद सुरेश कश्यप के अलावा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नारायण सिंह व जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल सहित भाजपा के जिला व मंडल इकाई के कईं पदाधिकारियों ने पन्ना प्रमुख के महत्व पर जानकारी दी।

Related posts