10 साल पहले बने आधार कार्ड को अपडेट करवाना अति आवश्यक : उपायुक्त

Local News
•
22 Jan 2026
•
21 views
10 साल पहले बने आधार कार्ड को अपडेट करवाना अति आवश्यक : उपायुक्त

नाहन, 22 जनवरी : उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा नें जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि जिन लोगों का आधार कार्ड 10 साल पहले बना है तथा उसके उपरांत एक बार भी अपडेट नहीं करवाया गया है, उन्हें अपने दस्तावेज आधार में अपडेट करवाने होंगे ताकि आधार सत्यापन में उन्हें कोई असुविधा न हो।
उपायुक्त ने कहा कि  5 व 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का आधार बायोमैट्रिक अपडेट करवाना तथा 0 से 5 वर्ष के बच्चों का आधार कार्ड बनवाना भी अति आवश्यक है, उन्होंने कहा कि 5 व 15 वर्ष पूर्ण होने के 2 वर्ष के भीतर अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं किया जाता है तो उनका आधार कार्ड निष्क्रिय हो सकता है।

उन्होंने बताया कि 5 व 15 वर्ष के पश्चात बच्चों के चेहरे की फोटो ,मोबाइल नंबर,  हाथों के फिंगरप्रिंट व पता इत्यादि आधार में अपडेट करवाना आवश्यक हैै। उन्होंने बताया कि 5-7 वर्ष तथा 15-17 वर्ष की आयु तक अनिवार्य बॉयोमीट्रिक अपडेशन निशुल्क उपलब्ध है।

उपायुक्त ने आधार अपडेट की आवश्यकता को बताते हुए कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रवेश प्रक्रियाओं व आवेदन के दौरान आधार की आवश्यकता रहती है। एनटीए, नीट, आईटी, यूपीएससी, सीयूईटी आदि में भी आवेदन करते समय आधार प्रमाणीकरण आवश्यक है यदि उम्मीदवार अपने आधार का आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) तथा मोबाइल नंबर अपडेट नहीं करते हैं तो प्रमाणीकरण विफल हो सकता है। बैठक में क्षेत्रीय कार्यालय यूआईडीएआई अभिषेक कुमार तथा जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts