सीएम जयराम बोले चुनाव जीतने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी

Local News
•
14 Dec 2020
•
28 views
सीएम जयराम बोले चुनाव जीतने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी

शिमला - राज्य में आगामी पंचायती राज और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक उत्साह और समर्पण के साथ काम करना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अधिक से अधिक भाजपा समर्थित उम्मीदवार चुनाव जीतें। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों को निर्वाचन क्षेत्र के तीनों पंचायत समीतियों में विजयी बनाने के लिए रणनीति तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विपक्ष के नापाक मंसूबों के बारे में पता होना चाहिए, क्योंकि वे इन चुनावों को जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा आम आदमी के कल्याण के लिए उपलब्धियों और नई पहल को प्रभावी ढंग से प्रसारित करना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ भी लगातार संपर्क में रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने तीन साल के कार्यकाल के दौरान राज्य के संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़े वर्गों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के बड़े हित में अपने छोटे-छोटे मतभेदों को समाप्त करने का आग्रह किया।

Related posts