विधायक अजय सोलंकी ने कालाअम्ब में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) का किया लोकार्पण

Local News
•
09 Dec 2025
•
19 views
विधायक अजय सोलंकी ने कालाअम्ब में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) का किया लोकार्पण

नाहन 9 दिसंबर :  विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को जिला सिरमौर की काला आम्ब पंचायत में स्थापित अत्याधुनिक प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) का लोकार्पण किया। यह यूनिट ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने और बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या का वैज्ञानिक समाधान प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।​इस अवसर पर विधायक ने कहा कि काला आम्ब क्षेत्र में यह यूनिट लोगों को स्वच्छ, हरा-भरा पर्यावरण उपलब्ध करवाने में मील का पत्थर साबित होगी।  उन्होंने  कहा कि औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती जनसंख्या के कारण उत्पन्न होने वाले प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन अब इसी यूनिट के माध्यम से संभव हो सकेगा। 
सोलंकी ने कहा कि सरकार क्रमिक रूप से सभी ब्लॉकों और पंचायतों में ऐसी इकाइयों की स्थापना कर रही है ताकि प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण और पुन: उपयोग को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी, जिससे हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।"

​काला आम्ब पंचायत में स्थापित यह PWMU प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, छंटाई, कटिंग और बैलिंग जैसी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित है। यह यूनिट आसपास के गांवों से आने वाले प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएगी और पूरे क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को एक नई दिशा प्रदान करेगी।

विधायक अजय सोलंकी  ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) द्वारा संचालित डोर-टू-डोर प्लास्टिक कचरा संग्रहण सेवा की गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ​इस अवसर पर पंचायत प्रधान रेखा चौधरी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया और यूनिट के सफल संचालन में पूर्ण निष्ठा के साथ सहयोग करने का आश्वासन दिया।

​इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत कालाआम्ब श्रीमती रेखा चौधरी, उप प्रधान दिनेश, राजकुमार पोसवाल सहित सुभाष चौधरी, नवीन चौधरी, निखिल, बलविंदर चौधरी, खलील मोहम्मद, सोमनाथ भाटिया, ऋषि, मनीष जगमाल, रामलाल, माजिद, महिला मंडल एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और समस्त प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे

Related posts