रविवार को अटल टनल रोहतांग से 5000 से अधिक वाहनों की आवाजाही
Local News
•
27 Dec 2020
•
23 views
अटल टनल रोहतांग के लिए भारी संख्या में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत राज्य पुलिस ने मनाली से लाहौल स्पीति तक यातायात की सुचारू आवाजाही के लिए व्यापक प्रबन्ध किए हैं। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि राज्य पुलिस ने पर्यटक वाहनों की भारी आवाजाही का बेहतरीन तरीके से प्रबन्ध किया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश के विभिन्न भागों से यहां आने वाले पर्यटकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि रविवार को अटल टनल रोहतांग में दोनों छोर पर 5000 से अधिक वाहनों का आवागमन हुआ। यह एक दिन में यहां आने वाले वाहनों का आज तक का सर्वाधिक आंकड़ा रहा। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति की ओर से 2,800 वाहनों का आवागमन पंजीकृत किया गया जबकि लाहौल स्पीति से 2,650 वाहन मनाली की ओर आए। सिस्सू हैलीपैड पार्किंग क्षेत्र में अभी भी 200 से अधिक वाहन हैं।