Home Blog Page 234

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों में कलाकारों ने सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

0

नाहन  : सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान में शनिवार को नाहन विकासखंड की नेहलीधीडा व धगेडा, शिलाई के कूंहट व नाया, पांवटा साहिब के शमाह बम्टा, संगड़ाह के गैलियो(मेला) नौहराधार के पुनरधार, राजगढ़ के भानत व दाहन और पच्छाद में जहर और मनगढ़ में नुक्कड़ नाटक व गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकार की अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया गया और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।


कलाकारों ने लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं बारे भी अवगत करवाया। उन्होंने नाटक में महिला पात्र के माध्यम से मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ऐसा कोई भी परिवार, जिसके पास गैस का कनेक्शन नहीं है, उसे इस योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन व सिलेंडर दिया जा रहा है। कलाकारों ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा प्रस्तुत किये बजट में सामजिक सुरक्षा पेंशन के बढ़ाये जाने व आंगनवाडी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर, मिड-डे मील वर्कर के मानदेय में हुई बढ़ौतरी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिमकेयर योजना के अर्न्तगत अब स्वास्थ्य कार्ड 3 वर्षों के लिए बनाया जाएगा तथा इसका नवीकरण वर्ष भर किया जायेगा।

सिरमौर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10944 परिवार लाभान्वित – राम कुमार गौतम

0

नाहन : जिला सिरमौर में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 10944 परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने  जानकारी देते हुए  बताया कि इस योजना के अंतर्गत नाहन विधानसभा क्षेत्र के 2237 परिवारों को कनेक्शन उपलब्ध करवाया गया है जबकि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के 728, पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के 2805, शिलाई विधानसभा क्षेत्र के 2471 और रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के 2703 परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिला है।

उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले नागरिकों को गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाता है, जिसके तहत जिला सिरमौर में भी बड़ी संख्या में परिवार लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 1600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है और चूल्हा खरीदने के लिए तथा पहली बार एलपीजी सिलेंडर भरने में आने वाले खर्च को चुकाने के लिए भी ईएमआई की सुविधा भी प्रदान करवाई जाती है।राम कुमार गौतम ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारत में अशु़द्ध ईधन को छोड़कर स्वच्छ एलपीजी ईधन को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण को दूषित होने से बचाना है। पहले इन परिवारों की महिलाओं को लकड़ी एकत्र करके चूल्हा जलाकर खाना पकाना पड़ता था। धुएं से महिलाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य को भी हानि होती है, जिसके मद्देनजर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिलने वाली एलपीजी गैस के इस्तेमाल से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य लाभ भी मिला है।

उपायुक्त ने बताया कि सिरमौर सहित हिमाचल में इस योजना के अंतर्गत लगभग 1 लाख 36000 परिवारों को गैस कनेक्शन मिला है जिसके लिए 21 करोड़ 86 लाखों रुपए सरकार द्वारा व्यय किए गए है।प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लिए आवेदन करने के लिए आवेदक महिला होनी चाहिए व उसकी 18 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। इस योजना के तहत आवेदक गरीबी रेखा से नीचे होनी चाहिए। आवेदक का बैंक में खाता होना चाहिए और आवेदक के पास पहले से एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए।

क्रमिकअनशन स्थल से भागे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता

0

नाहन – हिमाचल प्रदेश में पुलिस पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का क्रमिक अनशन चला हुआ है प्रदेश के जिला मुख्यालयों में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता क्रमिक अनशन पर बैठे हुए। बात सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन की करें तो यहां युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता क्रमिक अनशन की मात्र औपचारिकताएं निभा रहे है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि यहां घंटो घंटो तक युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता क्रमिक अनशन स्थल से गायब रहते है। आज दोपहर 2:00 बजे के बाद भी कुछ ऐसी ही तस्वीर यहां नजर आई ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या अनशन सिर्फ युवा कांग्रेस का सियासी ड्रामा है। वही इस बारे में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र जालटा  से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यहां नियमित रूप से कार्यकर्ता अनशन पर बैठे रहते हैं उनसे जब यह सवाल किया गया कि आज मौके पर कोई भी कार्यकर्ता मौजूद नहीं है तो कहा कि इस बारे में वह उन कार्यकर्ताओं जानकारी लेंगे जिनकी आज डयूटी लगाई गई थी।

DGP को हटाने की कर रहे मांग

गौर हो कि क्रमिक अनशन कर युवा कांग्रेस DGP हिमाचल को पद से हटाने की मांग कर रही है इनका कहना है कि जब तक डीजीपी को पद से नहीं हटाया जाता तब तक निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती।

दुःखद : श्योक नदी में गिरी सेना की बस, सात जवानों की मौत, 19 गंभीर रूप से घायल

0

जम्मू : लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में सेना के सात जवानों की मौत हो गई। हादसे में 19 जवान गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। लेह पुलिस ने बताया कि ड्राइवर अहमद शाह का बस से नियंत्रण हट जाने की वजह से बस (JK10 6245) लारगिब, पछतांग के पास सड़क से लगभग 80-90 फुट नीचे श्योक नदी में गिर गई।घटना की सूचना मिलने पर लेह पुलिस, सेना और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया। घायलों को एयरलिफ्ट कर चांदीमंदिर कमांड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में नुब्रा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

लेह जिले के नुब्रा क्षेत्र में थोइसे से करीब 25 किमी दूर स्थित तुरतुक सेक्टर में सुबह करीब नौ बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि 26 सैनिकों की टीम वाहन से परतापुर ट्रांजिट कैम्प से हनीफ सब-सेक्टर में स्थित एक अग्रिम स्थान की ओर जा रही थी। दुर्घटना में सात जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद तेजी से बचाव अभियान चलाया गया। जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल पहुंचाया गया था और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर वेस्टर्न कमांड भी भेजा जा सकता है।

सड़क हादसे में जवानों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”लद्दाख में बस दुर्घटना की सूचना सुनकर बहुत दुखी हूं, जिसमें वीर जवानों ने अपनी जान गंवाई है। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव मदद की जा रही है।”

बेरोजगारी : हिमाचल में BA, MA पास करना चाहते हैं 6,000 रुपये की मल्टी टास्क वर्कर की नौकरी

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में होने वाली मल्टी टास्क वर्कर भर्ती में बेरोजगार किसी कदर बढ़ रही है इसका उदाहरण देखने को मिल रहा है। भर्ती के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर पास भी लाइन में हैं। इस पद के लिए शैक्षणिक योग्यता पांचवीं कक्षा पास रखी गई है। पांचवीं, आठवीं, 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं ने भी इसके लिए आवेदन किया है। एमकॉम और बीएड कर चुके युवा भी इस नौकरी को करना चाहते हैं। पद के लिए चल रही साक्षात्कार प्रक्रिया में यह आंकड़े सामने आ रहे हैं। बेरोजगारी से जूझ रहे युवा कहीं भी नौकरी करने के लिए तैयार हैं। अकेले मंडी जिले में 1,095 मल्टी टास्क वर्करों के पदों को भरा जाना है। इसके लिए करीब 10,000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। मंडी के सदर ब्लॉक में एमकॉम और बीएड पास युवाओं के आवेदन मिले हैं। 

मंडी के सदर शिक्षा खंड की बाल प्राथमिक पाठशाला के एक पद के लिए 47 अभ्यर्थियों के फार्म मिले। इनमें से एक एमकॉम, एक बीएड और एक बीए पास युवा ने भी साक्षात्कार में भाग लिया। पाठशाला की मुख्य अध्यापिका चंद्रिका देवी ने बताया कि स्कूल में एक मल्टी टास्क वर्कर का पद भरा जाना है। इसके लिए 47 अभ्यर्थियों ने फार्म भरे हैं। इनमें से एक एमकॉम, बीएड और बीए पास भी शामिल है। प्रदेश भर में मल्टी टास्क वर्करों की साक्षात्कार की प्रक्रिया चल रही है और कहीं पर यह प्रक्रिया पूरी भी हो चुकी है।मल्टी टास्क भर्ती के दस्तावेजों की जांच के बाद मेरिट के आधार पर नौकरी मिलेगी। कुल 38 अंक पात्रों को मिलेंगे।  इनमें दिव्यांग, विधवा, अनाथ, भूमि दानकर्ता, बेरोजगार शामिल हैं। शैक्षणिक योग्यता पांचवीं और आठवीं निर्धारित की गई है। करीब 6,000 रुपये मासिक वेतन वाली इस नौकरी के लिए बीए, एमए पास युवाओं ने भी आवेदन कर रखा है। 

जोगिंद्रनगर में भी यही हाल है। करीब 70 प्रतिशत अभ्यर्थी जमा दो पास हैं। लडभड़ोल चौंतड़ा और द्रंग ब्लॉक के करीब 900 आवेदनों की जांच के पहले दिन द्रंग प्रथम के 114 आवेदकों के दस्तावेज में इसका खुलासा हुआ है। बुधवार को जोगिंद्रनगर उपमंडलाधिकारी कार्यालय के बाहर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक दस्तावेजों की जांच उपमंडलाधिकारी डॉ. मेजर विशाल शर्मा की निगरानी में हुई। टीम ने जब दस्तावेज जांचे तो इनमें एमए हिंदी, बीए पास और जमा दो की परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों के आवेदन भी मिले। खंड शिक्षा अधिकारी मनोरमा ने बताया कि पहले दिन करीब 114 आवेदकों के दस्तावेज जांचे गए। इनमें एमए और बीए पास भी हैं। 

हिमाचल के आठ जिलों में बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट

0

शिमला : मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में 31 मई को मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 30 मई को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी प्रदेश में बारिश के आसार हैं। 

शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में अधिकतम तापमान फिर चढ़ना शुरू हो गया है। शुक्रवार को इन जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 31 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ की संभावना है।

सिरमौर के 77780 किसानों को PM किसान सम्मान निधि के अतंर्गत जारी की 1 अरब 27 करोड़ से अधिक राशि – राम कुमार गौतम

0


नाहन : सिरमौर जिला में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अर्न्तगत 77780 लाभार्थियों किसानो को 1 अरब 27 करोड़ से अधिक की राशि 10 किश्तो में जारी किए जा चुके है। उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक केंद्रीय क्षेत्रक योजना है जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 24 फरवरी, 2019 को लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की दर से प्रत्यक्ष आय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह आय सहायता 2,000 रुपए की तीन समान किस्तों में लाभान्वित किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष रूप से हस्तांतरित की जाती है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। आरंभ में यह योजना केवल लघु एवं सीमांत किसानों (2 हेक्टेयर से कम जोत वाले) के लिए ही शुरू की गई थी, किंतु 31 मई, 2019 को कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णय के उपरांत यह योजना देश भर के सभी किसानों हेतु लागू कर दी गई।


उन्होनें तहसीलवार जानकारी देते हुए बताया की जिला की ददाहु तहसील में 3271 किसानों, कमरउ के 4855, नाहन 8425, नारग 4765, हरिपुरधार 898, नौहराधार 4669, पच्छाद 6398, पांवटा साहिब 18764, राजगढ 7831, रेणुका-संगडाह 6774, रोहनाट 2580 तथा शिलाई में 7375 किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत लाभान्वित हुए हैं।


उन्होंने बताया की इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य देश के लघु एवं सीमांत किसानों को प्रत्यक्ष आय संबंधी सहायता प्रदान करना है। यह योजना लघु एवं सीमांत किसानों को उनकी निवेश एवं अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए आय का एक निश्चित माध्यम प्रदान करती है। योजना के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को साहूकारों तथा अनौपचारिक ऋणदाता के चंगुल से बचाने का प्रयास है।

छात्रहित एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यों में ABVP की भूमिका सराहनीयः जयराम ठाकुर

0

शिमला : पीटरहॉफ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर  मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय परिषद सदैव ही छात्रों के हितों के संरक्षण, राष्ट्रहित और समाज के विकास के लिए तत्परता के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न आपदाओं के समय में विद्यार्थी परिषद द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं। कोरोना के संकटकाल के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद लोगों को हर सम्भव सहायता प्रदान कर समाज सेवा की मिसाल कायम की है।

उन्होंने रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए अखिल भारतीय परिषद की सराहना करते हुए कहा कि इससे अन्य संस्थाओं और लोगों को भी प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में किए गए कार्यों का स्मरण करते हुए विभिन्न अनुभव भी साझा किए। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सकारात्मक बदलाव आए हैं। छात्रों को भारतीय मूल्यों के अनुरूप शिक्षा प्राप्त हो इस दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। नई शिक्षा नीति दक्षतापूर्वक कार्यान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के विद्यार्थियों को प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में अनेक कारगर कदम उठाए हैं। प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवोन्मेषी प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अनेक महत्त्वकांक्षी योजनाएं आरम्भ की है। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा तथा उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी व्यापक उन्नति हुई है। प्रदेश ने अपने शैक्षणिक परिदृश्य को परिवर्तित किया है।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टूडेंटस फॉर होलिस्टिक डवेलपमेंट ऑफ हयूमेनिटी (शोध) फाउंडेशन की पुस्तक हिमाचली स्वातंत्रय वीरों का परिचय का विमोचन भी किया। इससे पूर्व, स्वागत समिति के अध्यक्ष नंद लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. छगनभाई पटेल और राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने भी इस अवसर पर संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, ऊर्जा मंत्री सुख राम, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिन्द्र गर्ग, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अध्यक्ष डॉ. सुनील ठाकुर, प्रांत महामंत्री विशाल वर्मा, स्वागत समिति के महामंत्री विकास राठौर, परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

29 मई को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे भाजपा नेता : कटवाल

0

शिमला : 29 मई को होने वाले प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के सफल समन्वय को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय चक्कर शिमला में बैठक हुई।  बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मन की बात के प्रदेश संयोजक संजीव कटवाल ने की।  संजीव कटवाल ने कहा कि मन की बात केंद्र सरकार का सबसे प्रतिष्ठित कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की आम जनता से जुड़ते हैं। 

मन की बात कार्यक्रम का यह 89वां एपिसोड होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्यक्रम को बूथ स्तर पर चलाती है और 29 मई को हमारे नेता इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सक्रिय रूप से भाग लेंगे।  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री सुरेश भारद्वाज सुबह 11 बजे होटल ड्रीमलैंड जाखू में मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे।  इसी तरह टूटू में मन की बात कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पगोग में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, कामना नगर चक्कर में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, संजौली में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, न्यू शिमला में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, छोटा शिमला में हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त और एचपी सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाठा लखमी नारायण मंदिर कसुम्पटी में शामिल होंगे। 

उन्होंने कहा कि मन की बात से पहले हमारे नेता स्वच्छता अभियान चलाएंगे और बाद में संबंधित वार्डों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए निमंत्रण बांटेंगे।

लाभार्थियों से 30 मिनट तक संवाद करेंगे पीएम मोदी : त्रिलोक

0

शिमला : भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जामवाल ने 31 मई को ऐतिहासिक रिज पर होने वाली प्रधानमंत्री रैली की तैयारियों की समीक्षा की। त्रिलोक जामवाल ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के 8 साल पूरे होने पर रैली के लिए शिमला को चुना है।हिमाचल प्रधान मंत्री का दूसरा घर है और वह हमेशा हिमाचल आने के लिए उत्साहित रहते हैं।  हिमाचल के लोग मोदी के दौरे पर उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।  उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री वर्चुअली देश भर से 17 सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से रूबरू होंगे, पीएम 30 मिनट तक लाभार्थियों से बात करेंगे। यह दोतरफा संचार होगा।  उन्होंने कहा कि हम शिमला के यातायात की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं क्योंकि ऊपरी शिमला, सोलन-सिरमौर और निचले हिमाचल के लिए तीन प्रवेश द्वार होंगे। हम जल्द ही इसके लिए योजना पर चर्चा करेंगे और इसे साझा करेंगे।


उन्होंने कहा कि पीएम सीटीओ से लेडीज पार्क तक रोड शो करेंगे और फिर रिज पर आएंगे। रैली पूरी तरह से व्यवस्थित रूप से आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर जिला उपायुक्त आदित्य नेगी, नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, एसपी मोनिका भटुंगरू, निदेशालय हरबंस ब्रास्कोन उपस्थित रहे।