Home Blog Page 243

स्वेटर से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा

0

मंडी –  जिले सुंदरनगर में ग्राम पंचायत अप्पर बेहली के समकल गांव में एक युवक की लाश पेड़ पर स्वेटर से लटकी मिली है I घटना युवक के घर से तकरीबन 300 मीटर दूरी पर खुले खेतों में पेश आई है I पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर भेज दिया है I पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करके मामला दर्ज कर लिया है I मृतक की पहचान 22 वर्षीय सागर कुमार पुत्र बाबूराम निवासी समकल के रूप में हुई है। युवक की माता निर्मला देवी, पिता बाबूराम व भाई बंटी सहित मुरारी महिला मंडल समकल की प्रधान धनी देवी और महिला मंडल समकल की प्रधान सोनी देवी के पदाधिकारियों ने युवक की मौत को हत्या करार दिया है और पुलिस की इस मामले की गहनता से जांच करने की मांग उठाई है I युवक की माता निर्मला देवी ने कहा कि गांव के एक लड़के रवि कुमार ने फोन कर उसे धमकाया था कि उसके ऊपर पहले भी तीन केस दर्ज हैं।
कुछ दूरी पर मिला फोन

युवक का मोबाइल भी खेतों में घटनास्थल से तकरीबन 10 फुट की दूरी पर पड़ा हुआ मिला है,।जबकि उसके शरीर पर कोई भी निशान नहीं है. I पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है I  युवक की मौत के पीछे कारणों का असली खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा I

डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने कहा कि सुंदरनगर बीएसएल पुलिस थाना के अंतर्गत एक 22 वर्षीय युवक की मौत हुई है I उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बीएसएल पुलिस थाना टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है I उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है I गुरबचन सिंह ने कहा कि मामले में पुलिस की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा I 

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

0

किन्नौर – प्रदेश के किन्नौर  जिले की सांगला वैली  में  दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हुई है जबकि तीन अन्य घायल है घायलों को शिमला के रामपुर में खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है ।  मृतकों की पहचान रणवीर (25) पुत्र सुध राम निवासी बटसेरी जिला किन्नौर और गोपाल सिंह (41) पुत्र केसरू राम निवासी डोबी तहसील रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है  । एक गाड़ी का मालिक और चालक था  । घायलों की पहचान रोहित कुमार (21) पुत्र प्यारे लाल निवासी बटसेरी जिला किन्नौर, सुंदर कुमार (29) पुत्र वीर सिंह निवासी बटसेरी जिला किन्नौर व काहन सिंह (33) कुम्भ दास निवासी बाड़ा तहसील रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है । हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है । पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

प्रशासन ने दी फौरी राहत
घायलों को महात्मा गांधी चिकित्सालय रामपुर के लिए रेफर किया गया है, जबकि दो मृतक व्यक्तियों के शवों को किन्नौर पुलिस ने सांगला में रखा गया है, जिन्हें पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा  । एसडीएम कल्पा मेजर अवनींद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को जिला प्रशासन की तरफ से फौरी राहत दी जा रही है  ।

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के अहम् निर्णय

0

शिमला : राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मंत्रिमंडल ने कोरोना महामारी के दृष्टिगत राज्य के चार जिलों में मौजूदा कोविड-19 मानक संचालक प्रक्रियाओं और रात का कफ्र्यू 5 जनवरी, 2021 तक जारी रखने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जनहित में क्रमशः 1.37 करोड़, 2.36 करोड़, 3.44 करोड़ और 6.11 करोड़ रुपये की लागत से शिमला, नालागढ़, टांडा और नेरचैक में मेक शिफ्ट अस्पतालों को कार्यशील करने के लिए कार्योत्त्तर स्वीकृति प्रदान करने को अपनी अनुमति दी। इसमें से 50 प्रतिशत धनराशि सीएसआईआर/सीबीआरआई रूड़की को पहले ही प्रदान की जा चुकी है।  

मंत्रिमंडल ने निजी भूमि से पेड़ों को काटने के लिए 10 वर्षीय पात्तन कार्यक्रम के तहत हिमाचल प्रदेश भूमि संरक्षण अधिनियम 1978 के तहत जारी आदेश संख्या एफएफएफबीए (3) 4/99 दिनांक 10 सितम्बर, 2002 के पैरा-1 और 6 को संशोधित करने को अपनी मंजूरी प्रदान की। इसके तहत वन उप मण्डल अधिकारी (डीएफओ) को एक वर्ष में 50 पेड़ों के स्थान पर 200 पेड़ काटने की अनुमति प्रदान करने का अधिकार, सम्बन्धित मुख्य अरण्यपाल वन/ मुख्य अरण्यपाल वन को एक वर्ष में 100 के स्थान पर 300 पेड़, प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन को एक वर्ष में 200 पेड़ के स्थान पर 400 पेड़ और हिमाचल प्रदेश सरकार को 200 से अधिक पेड़ों के स्थान पर 400 से अधिक पेड़ काटने की अनुमति देने का अधिकार प्रदान किया गया है। 

मंत्रिमंडल ने यह भी निर्णय लिया कि यदि पेड़ निर्धारित वर्ष में नहीं काटे गए, तब  सक्षम प्राधिकारी इस अवधि को एक वर्ष तक बढ़ा सकता है, जहां भूमि की डीमार्केशन और पेड़ों की मार्किंग की प्रक्रिया निर्धारित एक वर्ष के भीतर पूर्ण की गई हो और सम्बन्धित डीएफओ द्वारा कटाई के आदेश दिए गए हों किन्तु पेड़ों की कटाई नहीं की गई हो या आंशिक रूप से की गई हो और जहां भूमि की डीमार्केशन प्रक्रिया और पेड़ों की मार्किंग की प्रक्रिया निर्धारित वर्ष के भीतर पूर्ण कर ली गई हो, परन्तु कटाई के आदेश जारी नहीं किए गए हों। मंत्रिमंडल ने जनहित में उपमहानिरीक्षक (इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी) के कार्यालय को शिमला से धर्मशाला स्थानान्तरित करने को भी अपनी सहमति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज शिमला के रेडियोथेरैपी विभाग के तहत दर्द और प्रशामक देखभाल सैल (पेन एंड पेल्लीएटिव केयर सैल) बनाने के लिए भी अपनी सहमति दी। 

मंत्रिमंडल ने राज्य में पूर्ण सुरक्षा उपायों को अपनाते हुए ऐरो खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश ऐरो स्पोट्र्स रूल्स-2020 को अपनी अनुमति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों जैसे लोक निर्माण, जल शक्ति, एमपीपी व ऊर्जा के पास बिना इस्तेमाल के नकारा घोषत वाहनों को तकनीकी शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया ताकि व्यावहार्यता के दृष्टिगत उनका औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपयोग किया जा सके। मंत्रिमंडल ने राज्य के कुछ क्षेत्रों को हिमाचल प्रदेश शहरी एवं नगर नियोजन अधिनियम-1977 के दायरे से बाहर करने की मंत्रिमंडल उप समीति की सिफारिशों को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने चंबा जिला के भरमौर विशेष क्षेत्र में राजस्व मोहाल पाल्दा, राजौर और चलेड़, सोलन जिला के वाकनाघाट नियोजन क्षेत्र में बानी, बरोड़, माल्गा और सुधारग मोहाल तथा मंडी नियोजन क्षेत्र के आरडा और मन्याना राजस्व मोहाल को बाहर करने का निर्णय भी लिया गया।   

मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण विकास विभाग में आउटसोर्स आधार पर विभिन्न श्रेणियों के 131 पदों को भरने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिला के मझीन में लोक निर्माण विभाग के नये उप मंडल के सृजन सहित मझीन और सेओरबाला में दो नये सेक्शन के अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियांे के छह पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2020 द्वारा हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के आठ पद सीधी भर्ती से भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने बिलासपुर, नूरपुर और बद्दी में जिला फाॅरेंसिक इकाइयां स्थापित करने के अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों के सृजन और भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने कृषि विभाग में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के 25 पदों के सृजन और सीधी भर्ती द्वारा अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया। 

मंत्रिमंडल ने सिरमौर जिला के पांवटा साहिब तहसील में पटवार सर्कल माजरा और धौलाकुआं से अलग कर तीन पटवार सर्कल कोलर, मिश्रवाला व सैनवाला मुबारिकपुर और नई उप तहसील माजरा के सृजन को मंजूरी प्रदान की। मंत्रिमंडल ने पांगी स्थित किलाड़ में साडा में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के एक पद के सृजन और भरने के अतिरिक्त शहरी एवं नगर नियोजन विभाग में विभिन्न श्रेणियों के छह पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने मिल्कफेड में अनुबंध आधार पर प्लांट इंजिनियर के दो और कम्प्यूटर प्रोग्रामर के एक पद के सृजन के अतिरिक्त विपणन प्रबन्धक के एक पद के सृजन और भरने को मंजूरी दी।

मिल्कफेड में अनुबन्ध आधार पर तीन पद उत्पादन प्रबन्धन/पी एंड आई और सात पद सहायक प्रबन्धक (क्यूसी/पीएंडआई) को भरने का भी निर्णय लिया। बैठक में कृषि विभाग में आशु टंकक के तीन पद सीधी भर्ती से भरने के निर्णय को मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमंडल में आयुर्वेद विभाग में दैनिक भोगी आधार पर चालकों के तीन पद भरने का निर्णय लिया। बैठक से पूर्व पर्यटन और बागवानी विभाग द्वारा मार्च-2021 तक छह महीने के लक्ष्य और अप्रैल-2021 से मार्च-2022 तक एक वर्ष के लक्ष्य पर आधारित प्रस्तुति दी गई।

सीएम जयराम बोले चुनाव जीतने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी

0

शिमला – राज्य में आगामी पंचायती राज और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक उत्साह और समर्पण के साथ काम करना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अधिक से अधिक भाजपा समर्थित उम्मीदवार चुनाव जीतें। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों को निर्वाचन क्षेत्र के तीनों पंचायत समीतियों में विजयी बनाने के लिए रणनीति तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विपक्ष के नापाक मंसूबों के बारे में पता होना चाहिए, क्योंकि वे इन चुनावों को जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा आम आदमी के कल्याण के लिए उपलब्धियों और नई पहल को प्रभावी ढंग से प्रसारित करना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ भी लगातार संपर्क में रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने तीन साल के कार्यकाल के दौरान राज्य के संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़े वर्गों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के बड़े हित में अपने छोटे-छोटे मतभेदों को समाप्त करने का आग्रह किया।

कृषि मंत्री से मिले 10 किसान संगठनों के नेता, एक दिन के भूख हड़ताल पर हैं किसान

0

नई दिल्ली : किसान आंदोलन आज अपने 19वें दिन में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में कृषि सुधार वाले तीनों नए कानूनों को वापस लेने की जिद पर अड़े किसानों ने आज देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का एलान किया है। साथ ही किसान अपनी मांगें पूरी कराने के लिए किसान एक दिन के भूख हड़ताल पर हैं। इसमें उन्हें दिल्ली के सीएम केजरीवाल का साथ भी मिला है, जो आज उपवास पर रहेंगे। इसके साथ ही आज भी दिल्ली-एनसीआर के कई रास्ते बंद रहेंगे।

कृषि मंत्री से मिले 10 किसान संगठन
उत्तर प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार और हरियाणा के दस किसान संगठन जो ऑल इंडिया कॉर्डिनेशन कमेटी से जुड़े हैं उनके नेता कृषि मंत्री तोमर से मिले और उन्हें कृषि कानून पर अपना समर्थन दिया।

किसानों के हित में हैं कृषि कानूनः राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कृषि कानूनों के बचाव में कहा कि कृषि एक ऐसा क्षेत्र था जो कोरोना के दुष्प्रभाव से बचा हुआ था और ये सबसे बेहतर निकला। हमारी पैदावार अच्छी हुई और हमारे गोदाम भी अन्न से भरे हुए हैं। हमारे कृषि क्षेत्र के खिलाफ कोई कदम उठाने के बारे में सोच भी नहीं सकते। हाल के जो भी कृषि सुधार हुए हैं वो सब किसानों के हित में हैं।

कांगड़ा के बीड-बिलिंग में अभिनेत्री विद्या बालन ने उठाया पैराग्लाइडिंग का लुत्फ

0

धर्मशाला : विद्या बालन इन दिनों  मनाली में छुट्टियां बिताने के बाद अब धर्मशाला पहुंची हैं I विद्या बालन ने कांगड़ा के प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग की हसीन वादियों में टेंडम उड़ान का आनंद लिया I बीड़ स्थित ट्रैवल एजेंसी टेनड्रिल एडवेंचर के माध्यम से पैराग्लाइडिंग का आनंद लेने के दौरान अभिनेत्री विद्या बालन ने बिलिंग घाटी की खूब सराहना की I  विद्या इन दिनों परिवार सहित हिमाचल घूमने आई हैं I  सात दिसंबर को वह अपने पति के साथ मनाली पहुंची थी I विद्या बालन ने उड़ान दौरान घाटी की प्रशंसा की और कहा कि घाटी में पैराग्लाइडिंग का अपना ही अलग रोमांच है I इससे पहले भी कई बॉलीवुड हस्तियां बिलिंग से उड़ान भरकर यहां की वादियों की खूब प्रशंसा कर चुकी हैं I

हिमाचल : डिपुओं में मिलेगा अब कपड़ा, कॉपी और स्टेशनरी भी

0

शिमला  : हिमाचल के सरकारी डिपुओं में अब राशन के अलावा कपड़ा, कॉपी, साबुन और स्टेशनरी का सामान भी मिलेगा। इन पर सब्सिडी नहीं होगी। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर (बीओडी) की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब सरकार की मंजूरी के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। एक दशक पहले भी डिपुओं में बिना सब्सिडी के सामान मिलता था। फिर इसे बंद कर दिया था। अब इस योजना को फिर से लागू किया जा रहा है। खाद्य आपूर्ति निगम की मानें तो बाजार मूल्य की अपेक्षा लोगों को सस्ता सामान मिलेगा।

कंपनी से जो रेट मिलेगा, उसमें थोड़ा मार्जन रखकर लोगों को सामान दिया जाएगा। इससे खाद्य आपूर्ति निगम की आय में बढ़ोतरी होगी, वहीं लोगों को भी सस्ता सामान उपलब्ध होगा। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बताया कि प्रदेश के डिपुओं में बिना सब्सिडी के भी सामान दिया जाएगा। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। जल्द योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना पॉजिटिव

0

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कोरोना  संक्रमित हो गए है।  जेपी नड्डा ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जेपी नड्डा ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है साथ ही कुछ दिन पहले उनसे संपर्क में आए लोगों से जांच करवाने की अपील की है।

जेपी नड्डा ने ट्वीट किया कि कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर टेस्ट कराया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, मेरी तबीयत ठीक है, डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा हूं. मेरा अनुरोध है, जो भी लोग कुछ दिनों में संपर्क में आए है वो स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाए।

उधर हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जगत प्रकाश नड्डा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है

अब सिरमौर की बड़यालटा घाटी से मानव परिंदे भरेंगे उड़ान

0

हरिपूधार – पर्यटन की अपार संभावनाएं संजोए सिरमौर जिला के लिए एक खुशी भरी खबर सामने आई है। अब वह दिन दूर नहीं जब सिरमौर जिले के बड़यालटा का नाम साहसिक खेलों के मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित होगा और और यहां से मानव परिंदे उड़ान भरकर साहसिक खेलों को नया रोमांच प्रदान करेंगे। यहां हवा में तैरते रंग-बिरंगे उड़न खटोलों को देखना अब सपना नहीं रहेगा और सिरमौर के लोग आसमान में विहंगम दृश्य के गवाह बनेंगे। पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञों ने इस स्थल को उड़ान के लिए उपयुक्त बताया है। अभी तक कांगड़ा जिला की बिलिंग घाटी हवा में उड़ने वाले साहसिक खेल पैराग्लाइडिंग व हैंग ग्लाइडिंग की वजह से दुनिया में नाम कमा चुकी है बिलिंग के बाद अब जल्दी ही बड़यालटा का नाम भी साहसिक खेलों के नक्शे पर अंकित हो जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिला के हरिपुरधार के निकट बड़यालटा नामक स्थान पर पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल हुआ है। हरिपुरधार से रेणुका नाहन सड़क मार्ग पर 6 किलोमीटर की दूरी पर बड़यालटा नामक स्थान पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से सेवानिवृत्त उपनिदेशक मेलाराम शर्मा द्वारा मानव हिल रिजॉर्ट के नाम से एक पर्यटन स्थल निर्मित किया जा रहा है और उन्होंने बीड़ बिलिंग से पैराग्लाइडिंग के 4 पायलट बुलाकर यहां पर पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशने का प्रयास किया। बीड़ बिलिंग से आए इन पायलेट्स ने हरिपुरधार के आसपास के क्षेत्रों में हवा के रुख का अध्ययन किया और बड़यालटा की सबसे ऊंची चोटी पर हवा के रुख और दबाव को पैराग्लाइडिंग के लिए उपयुक्त पाकर वहां से उड़ान भरने का निर्णय लिया। मेलाराम शर्मा ने बताया कि उसके पश्चात बीड़ बिलिंग से आए पैरा पायलटों ने तलहटी में सुंदरघाट चाढ़ना सड़क मार्ग पर पैराग्लाइडर्स के लैंडिंग का सर्वेक्षण किया और लजवा गांव की समतल जमीन में हवा के दबाव को लैंडिंग के लिए उपयुक्त पाया। इस सर्वेक्षण के पश्चात सबसे पहले बीड बिलिंग के पायलट विजय कुमार ने बड़यालटा में निर्माणाधीन मानव हिल रिजॉर्ट के निकट की चोटी से पहली सोलो उड़ान भरी और 25 मिनट की अवधि में विजय कुमार ने लजवा गांव के चयनित खेत में सफलतापूर्वक लैंडिंग की। इसके पश्चात बीड़ बिलिंग से आए एक अन्य पायलट संदीप कुमार ने स्थानीय युवा को साथ लेकर टेंडम उड़ान भरी और उन्होंने भी लजवा में चयनित स्थल पर सफलता पूर्वक लैंडिंग कर दी। साथ में एक अन्य पायलट मनोज कुमार ने भी सोलो उड़ान भरी और दोनों पैराग्लाइडर्स लजवा में लैंडिंग करने में सफल हुए। उन्होंने कहा की उड़ान भरने से पहले पैराग्लाइडिंग की लैंडिंग के लिए भी उपयुक्त स्थान और उस स्थान में हवा के उपयुक्त बहाव और दबाव का अध्ययन करना जरूरी होता है। यहां टेक ऑफ और लैंडिंग दोनों के लिए उपयुक्त वातावरण मिलने के कारण ही पैराग्लाइडिंग के ट्रायल सफल हुए हैं।

निर्माणाधीन मानव हिल रिजॉर्ट के प्रबंध निदेशक मेलाराम शर्मा ने बताया कि पैराग्लाइडिंग के सफल ट्रायल के कारण अब यहां भी पर्यटक परिंदों की भांति आसमान में उड़ने का स्वपन साकार कर पाएंगे और भविष्य में यहां भी बीड़ बिलिंग और सोलंग नाला मनाली की भांति पर्यटन विकास को नए पंख लगेंगे। वास्तव में सिरमौर जिला और आसपास के क्षेत्रों के लिए पर्यटन विकास के क्षेत्र में यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और आने वाले दिनों में इससे इस क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाएं बढ़ना स्वभाविक है।

छात्र अभिभावक मंच ने निजी स्कूलों की मनमानी व भारी फीसों के खिलाफ किया निर्णायक आंदोलन का ऐलान

0

शिमला  : छात्र अभिभावक मंच हिमाचल प्रदेश ने निजी स्कूलों द्वारा टयूशन फीस के साथ सभी तरह के चार्जेज़ की वसूली के खिलाफ निर्णायक आंदोलन का ऐलान किया है। इस क्रम में 16 दिसंबर, 21 दिसम्बर, 24 दिसम्बर व 28 दिसम्बर 2020 को पहले चरण का आंदोलन होगा। इसके तहत शिमला में शिक्षा निदेशालय के बाहर धरने प्रदर्शन होंगे। मंच ने अभिभावकों से आह्वान किया है कि वे निजी स्कूलों की मनमानी व भारी फीसों के खिलाफ हर जिला में उप निदेशक, खण्ड शिक्षा अधिकारी, तहसील कार्यालयों व स्कूलों के बाहर धरने प्रदर्शन करें। मंच ने शिक्षा निदेशक को चेताया है कि अगर उन्होंने सभी तरह के चार्जेज़ की वसूली व वर्ष 2020 में निजी स्कूलों द्वारा बढ़ाई गई फीस पर रोक न लगाई तो पहले चरण के बाद दूसरे चरण का  आंदोलन भी शुरू होगा। 

         मंच के संयोजक विजेंद्र मेहरा ने उच्चतर शिक्षा निदेशक से मांग की है कि वह 10 नवम्बर व 8 दिसम्बर 2020 की छात्र व अभिभावक विरोधी अधिसूचनाओं को तुरन्त रद्द करें व निजी स्कूलों की टयूशन फीस के अतिरिक्त अन्य सभी प्रकार के चार्जेज़ पर रोक लगाने की अधिसूचना जारी करें। उन्होंने शिक्षा निदेशक को चेताया है कि अगर उन्होंने निजी स्कूलों की वर्ष 2020 की फीस बढ़ोतरी, एनुअल चार्जेज़, कम्प्यूटर फीस, स्मार्ट क्लास रूम, स्पोर्ट्स फंड, मिसलीनियस, केयर व अन्य चार्जेज़ की वसूली पर रोक न लगाई तो आंदोलन तेज होगा। उन्होंने निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छः लाख छात्रों के दस लाख अभिभावकों सहित कुल सोलह लाख लोगों से निजी स्कूलों की पूर्ण फीस उगाही का पूर्ण  बहिष्कार करने की अपील की है। उन्होंने पूर्ण फीस वसूली के निर्णय को बेहद चौंकाने वाला छात्र व अभिभावक विरोधी  निर्णय बताया है। उन्होंने शिक्षा निदेशक की 8 दिसम्बर 2020 की अधिसूचना को निजी स्कूलों की मनमानी को बढ़ाने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा है कि इस अधिसूचना में स्कूल पीटीए व प्रबंधन को फीसों के संदर्भ में निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। जब स्कूल ही नहीं चले व जनरल हाउस का आयोजन नहीं हुआ तो फिर पीटीए कब,कैसे और कहां बन गयी। यह सब डम्मी पीटीए को मान्यता देने के लिए हो रहा है ताकि उन डम्मी पीटीए के ज़रिए निजी स्कूलों द्वारा सभी तरह के चार्जेज़ को वसूलने के कदम को जायज़ ठहराया जा सके।

             उन्होंने  माननीय उच्च न्यायालय से अपील की है कि वह निजी स्कूलों द्वारा पूर्ण फीस वसूली के मामले पर हस्तक्षेप करके प्रदेश सरकार व शिक्षा निदेशक पर न्यायालय के आदेशों की अवमानना की कार्रवाई करे। प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग  उच्च न्यायालय के निर्णय की गलत व्याख्या कर रहे हैं व अपनी सुविधा अनुसार माननीय उच्च न्यायालय के नाम पर निजी स्कूलों को छूट दे रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अगर निजी स्कूलों द्वारा उच्च न्यायालय व शिक्षा विभाग के नाम पर पूर्ण फीस वसूली के मोबाइल संदेशों का शिक्षा निदेशक ने खंडन न किया व स्पष्टीकरण के रूप में अधिसूचना जारी न की तो फिर प्रदेश सरकार, शिक्षा विभाग व निजी स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ उच्च न्यायालय में आदेशों की अवमानना का मामला उठाया जाएगा। उन्होंने शिक्षा निदेशक से मांग की है कि वर्ष 2020 की बढ़ी हुई फीस, एनुअल चार्जेज़, कम्प्यूटर, स्मार्ट क्लास रूम, स्पोर्ट्स, मिसलेनियस, केयर व अन्य चार्जेज़ आदि के नाम पर अभिभावकों को मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने वाले निजी स्कूल प्रबंधनों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।