नाहन : सराहनीय कार्य करते हुए नाहन पुलिस ने बिहार के रहने वाले एक शख्स को 8 साल बाद अपने परिवार से मिलवाया है 8 साल पहले यह मुंबई से लापता हुआ था।
डीएसपी हेडक्वार्टर मीनाक्षी ने बताया कि नाहन में यह शख्स पुलिस को संदिग्ध हालत में मिला था जिसकी तस्वीरें अलग-अलग राज्यों की पुलिस के साथ साझा की गई जिसके बाद बिहार पुलिस के जरिये शख्स की पहचान हुई और वहाँ की पुलिस ने नाहन पुलिस के साथ संपर्क किया। युवक का भाई इसे लेने नाहन पहुंचा है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अभी तक ऐसे कई लोगों को अपनों से मिलवा चुकी है जो अपने परिवार से बिछुड़ चुके थे।
उधर अपने बिछड़े भाई को नाहन लेने पहुंचे मनोज कुमार ने बताया कि 8 साल से वह अपने भाई की तलाश कर रहे थे जिसकी मुंबई में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उन्होंने नाहन पुलिस का आभार जताया और कहा कि नाहन पुलिस की बदौलत ही आज उनका भाई वापस मिल पाया है जिससे उनके परिवारजनों में खुशी की लहर है।


