संगड़ाह : उपमंडल संगड़ाह के ग्राम पंचायत सेंज की नारी शक्ति ग्राम संगठन की महिलाओं ने रविवार को एक रैली निकालकर क्षेत्र में बढ़ रहे नशे की प्रवृत्ति एवं नशा तस्करों व जुए के खिलाफ रैली निकालकर अपना रोष प्रकट किया। लोगों को इस बुराई से दूर रहने का संदेश भी दिया। रैली में क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया। रैली डलियाणू दो सड़का से शुरू होकर सुंदर घाट- सैंज घाट होते हुए ग्राम सेंज में करीब 6 किलोमीटर का सफर तय कर समाप्त हुई।
नारी शक्ति ग्राम संगठन की प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने रैली का नेतृत्व करते हुए बताया कि यह क्षेत्र दिनों दिन नशेड़ियों, जुआरियों व चरसियों का अड्डा बनता जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस पंचायत में शराब, जुआ, चरस आदि नशा बढ़ता जा रहा है। नशे के आदी लोगों को जंगल, ढाबो, दुकानों व होटलों में अक्सर देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार खुलेआम चल रहे इस धंधे को देखते हुए महिलाएं सहमी हुई है कि इस बुराई का असर कहीं उनके बच्चों पर न पड़े।
संगठन की प्रधान सुरेंद्रा ठाकुर का कहना है कि उनका उद्देश्य हर घर नशा मुक्त करना है तथा उनकी यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया इस रैली में आशा कार्यकर्ताओं समेत ग्राम पंचायत सैंज के 13 स्वयं सहायता समूह तथा महिला मंडलों की महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में दिनों दिन नशे का कारोबार खूब फलफूल रहा है। महिलाओं ने नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।महिलाओं ने कहा कि नशे के बढ़ते कारोबार से युवाओं का भविष्य और सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है। जिस कारण उन्हें विवश होकर सड़कों पर उतरना पड़ा।रैली में सुमित्रा देवी, दया देवी, चद्रेश, किरण, प्रोमिला, सोमो देवी, विनीता, बबली शर्मा, नीतू ,बाला, उषा, निकिता, बबली शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान सैंज करतार सिंह व उप प्रधान मेला राम के अलावा दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया।


