नाहन : बुधवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ए.डी. बी.) की तकनीकी टीम ने शहर के सौंदर्यकरण परियोजना के दृष्टिगत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष हि.प्र. विधानसभा डा. राजीव बिन्दल ने यह जानकारी प्रदान की।।उन्होंने बताया कि इस टीम में एड़ीबी की तकनीकी टीम के मुखिया इंजीनियर अजय गर्ग और उनके सहयागियों में आर्किटेक्ट प्रशांत, अविनाश और सिरमौर टूरिज्म अधिकारी राजीव मिश्रा भी उपस्थित रहे। टीम के सदस्यों के साथ हमारी नाहन के सौंदर्यकरण की प्रस्तावित परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
डा. बिन्दल ने कहा कि हम शहर के सौंदर्यकरण और शहर के हैरिटेज स्थलों के विकास और संरक्षण के लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमने शहर के सौंदर्यकरण कार्य को एडीबी परियोजना में शामिल किया है। कोरोना के कारण फंड की कमी होने के कारणा अभी तक हम इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ा पाए थे, किन्तु कोरोना काल के उपरांत हम इस परियोजना को लेकर एक बार पुनः आगे बढ़ रहे हैं।डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि हमारे फाउंडरी का गौरवशाली इतिहास रहा है और जनभावनाएं देखते हुए हम यहां पर क्राफ्ट विलेज बनाने की योजना पर हम आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही ऐतिहासिक तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण के अलावा कुछ हेरिटेज स्थलों का सौंदर्यकरण और विकास भी इस परियोजना के अन्तर्गत किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार में हम शहर के सौंदर्यकरण के इस महत्वपूर्ण कार्य को आने वाले समय में पूरा करने में सक्षम होंगे।


