शिमला : कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने धर्मशाला में आयोजित भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि नए कृषि कानून किसान विरोधी है और कांग्रेस इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह कहना कि यह आंदोलन मुट्ठी भर किसानों का है यह पूरी तरह देश के किसानों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज लाखो किसान इन कानूनों के विरोध में सड़कों पर बैठे है। जगह जगह इसके विरोध में महापंचायतें हो रही है जिसमें लाखो लोग शामिल हो रहें है। हिमाचल में भी चारो ससंदीय क्षेत्रों में कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर रैलियों को निकाला। मंडी में राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि आज भी जिला स्तर पर कांग्रेस ने अपनी पदयात्रा निकाली है। शिमला जिला की पदयात्रा 23 फरबरी को गुम्मा से छैला तक आयोजित होगी जिसमें वह खुद और शिमला जिला के विधायक,पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भाग लेंगे। राठौर ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश से जुड़े मसलों पर कोई सार्थक चर्चा होती। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था से उभरने के उपायों पर कोई चर्चा होती,जनहित के मुद्दों पर चर्चा होती पर ऐसा कुछ नही हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंथन शिविर में खर्च कहां से किया गया प्रदेश को इसकी जानकारी उन्हें देनी चाहिए। मुख्यमंत्री के उस बयान पर जिसमें उन्होंने प्रदेश में किसी भी भाजपा सरकार शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल सरकारों के दुबारा रिपीट न होने की टीस व्यक्त की है पर राठौर ने कहा कि जयराम ठाकुर भी भाजपा सरकार रिपीट होने के सपने छोड़ दे।

उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी जिसमें उन्होंने कहा कि चुनाव विकास पर नही संगठन पर जीते जाते है को राजनीति की नई फिलॉसपी बताते हुए कहा कि फिर तो किसी भी सरकार को विकास के कार्य छोड़ संगठन को ही मजबूत करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अब तक जो भी चुनाव जीते है वह छदम राष्ट्रवाद क्षेत्रवाद, सम्प्रदाय के नाम पर एक दूसरे को लड़कर ही जीते है।
राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि क्या उन्होंने कोरोना के इस काल मे प्रदेश भाजपा सरकार में हुए भ्रष्टाचार बारे कोई चर्चा की,जिसके चलते प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को अपने पद से हाथ धोना पड़ा था,निदेशक स्वास्थ्य विभाग की गिरफ्तारी हुई,सचिवालय में सेनेटाइजर घोटाला, पीपीई घोटाला, निजी विश्वविद्यालय में फेंक डिग्री मामलों की कोई जानकारी हासिल की। राठौर ने कहा कोरोना काल मे प्रदेश में भाजपा ने लोगों की कोई भी सहायता नही की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शिमला के आईजीएमसी, टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में खुद जाकर स्वाथ्य उपकरण भेंट किये साथ मे लोगों की हरसंभव मदद भी की।
राठौर ने कहा कि भाजपा का बार बार यह कहना कि देश प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करना है उनकी संकीर्ण मानसकिता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष महत्वपूर्ण होता है और कांग्रेस ने कभी भी भाजपा या विपक्ष मुक्त होने की बात नही की। उन्होंने कहा कि पंजाब में लोगों ने नगर निकाय चुनावों में भाजपा को बाहर कर दिया है और जल्द ही देश व प्रदेश में भी ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा ने धनबल पर जनमत को चुराया है।नगर निगम के चुनावों में उसे यह सब भुगतना पड़ेगा।