शिमला : उपायुक्त आदित्य नेगी ने धारा 144 के अंतर्गत निहित शक्तियों का प्रयोग कर आदेश जारी करते हुए बताया कि जिला में रात्रि कफ्र्यू रात 10 बजे सुबह 6 बजे तक 31 जनवरी, 2021 तक प्रभावी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान 28 नवम्बर, 2020 को जारी किए गए आदेशों में निहित शर्तें लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि यह आदेश जिला में 06 जनवरी, 2021 से 31 जनवरी, 2021 तक लागू रहेंगे। उन्होंने बताया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा 188, 269 व 270 के तहत कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी I
प्रदेश के इन 7 जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी
शिमला – हिमाचल प्रदेश में लगातार दो दिन से बारिश और बर्फबारी सेराज्य में शीतलहर तेज हो गई है। रविवार को कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी,का दौर जारी रहा। मौसम विभाग द्वारा सिरमौर, शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर व लाहुल-स्पीति में चार व पांच जनवरी को भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है। तीन दिन शिमला व किन्नौर को छोड़कर शेष जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने छह जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और हिमपात की संभावना व्यक्त की है।मौसम विभाग ने पर्यटकों को सलाह दी है कि चार व पांच जनवरी को शिमला, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू और चंबा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा में तूफान चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की गई है।
कोरोना काल में शिक्षा प्रदान करने के लिए नई प्रणाली तैयार करना आवश्यकः मुख्यमंत्री

शिमला – मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी की अभूतपूर्व परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नीति निर्माताओं और शिक्षकों को शिक्षा प्रदान करने के लिए एक नई प्रणाली तैयार करनी चाहिए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो सके। वह आज यहां हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा बोर्ड को स्कूल स्तर पर विभिन्न कक्षाओं की परीक्षाओं के आयोजन के लिए एक ठोस प्रस्ताव तैयार करना चाहिए।बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. सुरेश कुमार सोनी ने स्कूली परीक्षाओं के आयोजन से संबंधित एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किया।
शिक्षा सचिव राजीव शर्मा और निदेशक उच्च शिक्षा डाॅ. अमरजीत शर्मा भी बैठक में उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने पर दी जाएगी प्रोत्साहन राशि-डॉ0परूथी
नाहन – सिरमौर की जिन पंचायतों के सभी सदस्य निर्विरोध चुने जाते है, उन पंचायतों को 10 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर डॉ0आर0के0परूथी ने दी। उन्हांेने बताया कि प्रोत्साहन राशि के लिए पंचायत चुनाव में सभी पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना जाना आवश्यक होगा।उन्हांेने बताया कि ग्राम पंचायत में प्रधान, उपप्रधान सहित सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने पर 10 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी जबकि पंचायत समिति के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने पर 5 लाख रूपये की राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्य निर्विरोध चुने जाते है तो 15 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कांग्रेस ने मनाया अपना 136वा स्थापना दिवस
शिमला : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज कांग्रेस ने अपना 136वा स्थापना दिवस मनाया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश को आजाद करवाने में कांग्रेस ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके नेताओं ने देश की एकता और अंखडता को अपने बलिदान से सींचा है।
राठौर ने कांग्रेस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दिन 28 दिसम्बर 1885 को ब्रिटिश राज के दौरान भारतीय सिविल सेवा के अधिकारी ए.ओ. ह्यूम ने इसकी नींव रखी थी,जिसे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नाम दिया गया था।उन्होंने कहा कि 1947 में आजादी के बाद कांग्रेस भारत की एक प्रमुख राजनैतिक पार्टी बनी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की सात प्रधानमंत्री दिए,जिनकी बजह से देश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ।
राठौर ने कांग्रेस के पूर्व नेताओं को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू, लालबहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी व पी.वी.नरसिम्हा राव के बाद डॉ.मनमोहन सिंह ने देश को जो एकता व भाई चारे का पथ दिखाया था, आज भी कांग्रेस उसी पथ पर आगे बढ़ रही है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस पार्टी के ध्वज को फेराया व कांग्रेस सेवादल मार्चपास्ट की सलामी ली व कांग्रेस ध्वज बंधन गीत गाया गया।बाद में कांग्रेस सेवादल की तिरंगा यात्रा में भाग लिया।इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव आनंद कौशल,सुशान्त कपरेट,सौरभ चौहान,यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर,सेवादल,महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस कार्यकर्ता के अतिरिक्त एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद थे।
एनआईसी हिमाचल का कोविड साॅफ्टवेयर डिजिटल इण्डिया पुरस्कार के लिए चयनित
भारत सरकार ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र, हिमाचल प्रदेश द्वारा तैयार किए गए साॅफ्टवेयर कोविड-19 सैंपल कलेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम को डिजिटल इण्डिया पुरस्कार-2020 के लिए चयनित किया है। इस साॅफ्टवेयर को यह पुरस्कार इनोवेशन इन पैंडेमिक श्रेणी में दिया जा रहा है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविद यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसके लिए वर्चुअज समारोह 30 दिसम्बर, 2020 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर साॅफ्टवेयर विकसित करने की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश को सौंपी गई थी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के गतिशील नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राज्य स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय सहभागिता से एनआईसी हिमाचल प्रदेश ने इस साॅफ्टवेयर को डिजाइन और विकसित किया। उन्होंने कहा कि यह साॅफ्टवेयर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के लिए तैयार किया गया है।
हिमाचल के विज्ञानियों ने एनआईसी की महानिदेशक डाॅ. नीता वर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार लाॅकडाऊन के दौरान इस वर्ष अप्रैल माह में प्रतिदिन लगभग 20 घण्टे कार्य करते हुए इसे तैयार किया। देश के सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में इसका उपयोग एक लाख से अधिक सैंपल एकत्र करने वाले लोगों द्वारा किया जा रहा है। अब तक लगभग 8 करोड़ से अधिक सैंपल इकट्ठे किए गए हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि कोविड-19 वायरस से संबंधित रैपिड एन्टीजन टेस्ट, आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए किसी भी व्यक्ति का ब्यौरा इस साॅफ्टवेयर में प्रविष्ट किया जाता है। इसके उपरान्त उस व्यक्ति का टेस्ट लिया जाता है और टेस्ट रिपोर्ट की जानकारी इस साॅफ्टवेयर में प्रविष्ट की जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली में एक वैब एप्लीकेशन और दो मोबाइल एप्लीकेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस साॅफ्टवेयर के माध्यम से संक्रमित मरीजों से संबंधित जानकारी https://covid19cc.nic.in पोर्टल पर सभी जिला दण्डाधिकारी अथवा स्वास्थ्य अधिकारियों को उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त आरोग्य सेतु ऐप में भी इस डेटा का प्रयोग किया जाता है। प्रवक्ता ने कहा कि इस साॅफ्टवेयर का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होना राज्य एवं राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने पौंग बांध में और खेल गतिविधियां आरंभ करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां पौंग क्षेत्र विकास बोर्ड की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यहां पैराग्लाइडिंग, पैरा सैलिंग, वाटर स्कूटर, केयाकिंग, स्पीड बोट, क्रूज बोट, वाटर जोर्बिंग बाॅल्स, हाउस बोट, शिकारा, फ्लोटिंग जैट्टी और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसी खेल गतिविधियां आरम्भ करने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड से मंजूरी ली जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त, पौंग बांध जलाश्य में खेल क्रीड़ाओं के लिए भारतीय नौ सेना अथवा तटरक्षक सेना के सहयोग से एक उत्कृष्ट संस्थान स्थापित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएं ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को यहां आने के लिए आकर्षित किया जा सके।
जय राम ठाकुर ने कहा कि बोर्ड के गठन का प्रमुख उद्देश्य पौंग क्षेत्र का एकीकृत एवं योजनाबद्ध विकास और इस क्षेत्र में पर्यटन एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नीतियां एवं योजनाएं तैयार करना है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पौंग बांध को नई राहें-नई मंजिलें योजना के अन्तर्गत भी विकसित किया जाएगा। इस योजना के अन्तर्गत 7.96 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं ताकि पौंग बांध को प्रदेश के प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में स्वीकृत गतिविधियां क्रियान्वित करने के लिए कारगर कदम उठाए जाने चाहिए। इसके अलावा, पर्यटन परियोजनाओं के निष्पादन में निजी निवेश आकर्षित करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौंग बांध विकास बोर्ड को सुदृढ़ बनाने के लिए समुचित कदम उठाए जाएंगे। पौंग बांध क्षेत्र के किनारे बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि पर्यटक यहां आने के इच्छुक हों। एशियाई विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित 8.33 करोड़ रुपये की परियोजना के पहले ट्रैंच के कार्यान्वयन में बरती जा रही ढील पर असन्तोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच बिठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच रिपोर्ट एक महीने के अन्दर प्रस्तुत की जाए ताकि वास्तविकता सामने आ सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल क्रीड़ा प्रेमियों को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित करने के लिए क्षेत्रीय जल क्रीड़ा केन्द्र महाराणा प्रताप सागर, पौंग बांध की गतिविधियों का विविधिकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभयारण्य में हर वर्ष लाखों की संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं जिसे देखते हुए अधिक वाॅच टावर लगाए जाने चाहिए ताकि पर्यटकों को पक्षियों को देखने की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए फतेहपुर उप-मण्डल में भी उचित स्थानों पर पक्षियों को निहारने के लिए स्थल विकसित किए जाएं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि पौंग बांध में रामसर गिरि द्वीप को भी पयर्टन की दृष्टि से विकसित किया जाना चाहिए, जहां हर वर्ष हजारों की संख्या में पर्यटक नौकाओं के माध्यम से पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रमुख स्थलों पर फ्लोटिंग जैट्टिज की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए ताकि लोग नौकायन का आनन्द उठा सकें।
विधायक एवं बोर्ड के सदस्य होशियार सिंह ने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हरिपुर गुलेर चित्रकला विश्व प्रसिद्ध है, जिसको पुनः प्रचलित करने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, हरिपुर के आस-पास के क्षेत्रों में कई मन्दिरों का जीर्णोद्वार कर पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है, जो पौंग बांध क्षेत्र से दूर हैं।
मुख्य सचिव अनिल खाची ने भी पौंग बांध क्षेत्र के विकास के लिए अनेक सुझाव दिए। पर्यटन सचिव देवेश कुमार ने मुख्यमंत्री और बोर्ड के सदस्यों का स्वागत किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह एवं आर.डी. धीमान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, सचिव के.के. पंत, पर्यटन निगम की महाप्रबन्धक कुमुद सिंह, भाषा, कला एवं सस्कृति विभाग के निदेशक सुनील शर्मा और बीबीएमबी एवं पर्वतारोहण संस्थान के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
रविवार को अटल टनल रोहतांग से 5000 से अधिक वाहनों की आवाजाही
अटल टनल रोहतांग के लिए भारी संख्या में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत राज्य पुलिस ने मनाली से लाहौल स्पीति तक यातायात की सुचारू आवाजाही के लिए व्यापक प्रबन्ध किए हैं। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि राज्य पुलिस ने पर्यटक वाहनों की भारी आवाजाही का बेहतरीन तरीके से प्रबन्ध किया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश के विभिन्न भागों से यहां आने वाले पर्यटकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि रविवार को अटल टनल रोहतांग में दोनों छोर पर 5000 से अधिक वाहनों का आवागमन हुआ। यह एक दिन में यहां आने वाले वाहनों का आज तक का सर्वाधिक आंकड़ा रहा। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति की ओर से 2,800 वाहनों का आवागमन पंजीकृत किया गया जबकि लाहौल स्पीति से 2,650 वाहन मनाली की ओर आए। सिस्सू हैलीपैड पार्किंग क्षेत्र में अभी भी 200 से अधिक वाहन हैं।
संजय कुंडू ने कहा कि अटल टनल रोहतांग बहुत की कम अवधि में देशभर में प्रमुख पर्यटक गंतव्य बनकर उभरा है। पर्यटक बर्फ से आच्छादित लाहौल घाटी को देखने के लिए उमड़ रहे हैं और अटल टनल रोहतांग में विशेष रूचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने यहां यातायात के सुचारू प्रबन्धन के लिए विशेष प्रबन्ध किए हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यहां से गुजरने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पर्यटक यहां से मधुर स्मृतियों के साथ वापिस लौटें।
राजनाथ सिंह ने हिमाचल सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों को सराहा
शिमला : हिमाचल सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर पीटरहाॅफ होटल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार की शानदार और अभूतपूर्व उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का देश को एक बड़ा तोहफा है जो हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के प्रभावी कार्यान्वयन में हिमाचल प्रदेश को दूसरा स्थान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल ही में समर्पित अटल टनल रोहतांग न केवल लाहौल स्पीति ज़िला के लोगों को लाभान्वित करेगी बल्कि यह सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि का नाम देते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग हर परिवार से एक सेवारत जवान अथवा पूर्व सैनिक है।
प्रदेश भाजपा सचिव त्रिलोक जम्वाल ने इस अवसर पर राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सन्देश पढ़कर सुनाया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास को समर्पित रहा है। इस दौरान राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश को देश का सर्वाधिक विकसित राज्य बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण राज्य सरकार को इस अवसर पर बड़ा समारोह आयोजित करने का अवसर नहीं मिला और इस महामारी की मानक संचालन प्रणाली की अनुपालना करते हुए सादगी के साथ समारोह मनाया गया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 5.70 लाख पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जन मंच और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है जबकि गरीब लोगों को स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान करने के लिए हिमकेयर योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के अंतर्गत अभी तक 121 करोड़ रुपये खर्च कर 1.25 लाख परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। इसी तरह, गंभीर रूप से बीमार रोगियों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से सहारा योजना भी क्रियान्वित की जा रही है जिसके अंतर्गत प्रतिमाह 3000 रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 2.90 लाख गैस कनेक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। इस योजना के परिणामस्वरूप हिमाचल देश का पहला धंुआ रहित राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष धर्मशाला में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में 96 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए गए और एक माह की अवधि के भीतर ही 13,500 करोड़ रुपये का ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया, जिसमें से 10 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य आरम्भ हो चुका है। प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए राज्य में प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान योजना कार्यान्वित की गई है और अभी तक राज्य के एक लाख परिवार इससे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोज़गार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना भी आरम्भ की गई है इसके अंतर्गत स्वरोज़गार के लिए उद्यम आरम्भ करने पर युवाओं को 40 लाख तक के ऋण पर 25 प्रतिशत जबकि महिलाओं एवं बालिकाओं को 30 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अगले वर्ष 25 जनवरी को अपने राज्यत्व की स्वर्ण जयन्ती मनाने जा रहा है जिसे शानदार तरीके से आयोजित किया जाएगा। बीते तीन वर्षों में प्रदेश सरकार को भरपूर सहयोग देने के लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को एनडीआरएफ की एक बटालियन स्वीकृत करने और वन रैंक-वन पेंशन स्वीकृत करने के लिए केन्द्रीय रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 3300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल टनल रोहतांग प्रदेश के लोगों को पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी का सबसे बड़ा तोहफा है। उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा जब केन्द्र में स्वास्थ्य मंत्री थे तब प्रदेश के लिए बिलासपुर में एम्स के साथ-साथ तीन मेडिकल काॅलेज स्वीकृत किए गए।
केन्द्रीय वित्त एवं कार्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली से इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के सफल और शानदार कार्यकाल के लिए सरकार और लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कई योजनाएं आरम्भ की हैं ताकि केन्द्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित रहे लोगों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कुशल नेतृत्व में भारत एक मजबूत राष्ट्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को 500 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण प्रदान किया गया है ताकि धन के अभाव में विकास की गति प्रभावित न हो।
अनुराग ठाकुर ने इस दौरान रक्षा मंत्री को हिमाचली टोपी और शाॅल से सम्मानित किया।
राज्य भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण और विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी की जयन्ती पर प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश के 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त किश्त हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना से गरीब और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क गैस कनेक्शन की सुविधा मिली है। राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार के अधिकारियों से सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आग्रह किया।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी इस समारोह को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया और राज्य सरकार की नई पहल और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने आशा जताई कि केन्द्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के प्रयासों से हिमाचल, देश का सर्वाधिक विकसित राज्य बनेगा। राज्य भाजपा सचिव कुसुम सदरेट ने इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का सन्देश पढ़कर सुनाया।
राज्य भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन ने वर्तमान राज्य सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर राज्य के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों के डबल इंजन के कारण राज्य का तेजी से विकास सुनिश्चित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वन नेशन, वन फ्लैग, वन नेशन-वन ग्रिड, वन नेशन-आधार कार्ड, वन नेशन-वन कार्ड का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण ने यह सुनिश्चित किया है कि सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा हो। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मुख्यमंत्री और अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में राज्य ने अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि राज्य को केन्द्र सरकार और कई स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया है। प्रदेश सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित वृतचित्र ‘सुशासन और विश्वास के, तीन साल विकास के’ प्रस्तुत किया गया, जिसे सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग ने तैयार किया।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाशित काॅफी टेबल बुक- ‘सुशासन और विश्वास के, तीन साल विकास के’ का विमोचन किया। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक अन्य पुस्तिका का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण भी देखा। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व रिज पर स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्य भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ. राम लाल मारकण्डा ने भी श्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर रिज पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया।
मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा, विधायक जवाहर ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, महापौर सत्या कौंडल, महासचिव बाल कल्याण परिषद् पायल वैद्य, उपाध्यक्ष हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम संजीव कटवाल, अध्यक्ष कैलाश फेडरेशन रवि मेहता, मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, सचिव सामान्य प्रशासन देवेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
संगडाह वार्ड में बीजेपी को महंगा पड़ सकता है टिकट आबंटन
हृदय राम समर्थक को टिकट मिलने से बड़ी गुटबाजी
बीजेपी को चुकानी पड़ सकती है बड़ी कीमत
नाहन – जिला परिषद के संगड़ाह वार्ड में इस बार बीजेपी की राह आसान नहीं है। दरअसल यहां पूर्व विधायक हृदय राम समर्थक को टिकट मिलने से बीजेपी का एक खेमा नाराज हो गया है जिसका सीधा नुकसान बीजेपी को उठाना पड़ेगा। बीजेपी ने यहां बडोल पंचायत से तालुक रखने वाली सीमा देवी को संगड़ाह वार्ड का उम्मीदवार बनाया है जिसे लेकर बीजेपी का एक गुट नाराज चल रहा है सूत्रों के मुताबिक दूसरे गुट के लोगों ने हाईकमान तक अपनी बात भी पहुंचाई थी मगर टिकट हृदय राम समर्थक को ही दिया गया। इस गुट का कहना है कि ऐसे लोगों को हाईकमान द्वारा टिकट दिया गया जिन्होंने बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया था और पार्टी को रेणुका जी विधानसभा में हार का भी सामना करना पड़ा था ऐसे में इस उम्मीदवार को टिकट दिया जाना उचित नहीं है जबकि और भी अच्छे चेहरों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे गए थे
BJP को चुकानी पड़ सकती है बड़ी कीमत
पार्टी के कई कार्यकर्ताओं की सहमति के खिलाफ आबंटित किए गए टिकट की भाजपा को बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है वह इसलिए भी क्योंकि यदि यहां से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीत कर आती है तो सिरमौर जिला परिषद के चेयरमैन पद पर भी कांग्रेस का कब्जा रहेगा। क्योंकि जिला परिषद अध्यक्ष पद का पत्र ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है और सिरमौर जिला में संगडाह ही एकमात्र ऐसा वार्ड है जो ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है।
कार्यकर्ताओं में नाराजगी
रेणुका विधानसभा क्षेत्र के कुछ नेताओं और कुछ वरिष्ठ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर नाराजगी साफ देखी जा रही है यह अलग बात है कि वह मीडिया में आकर बयान बाजी नहीं कर पा रहे हैऔर ना ही नाराजगी की बात स्वीकार कर रहे है।हालांकि यहां नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं को मनाने की कोशिशें भी शुरू हो गई है मगर यह साफ है कि इस वार्ड में बीजेपी की राह आसान नजर ही नहीं आ रही है।

