नियमों को ताक पर रखकर नदी नालों के साथ हो रही कंस्ट्रक्शन : नाथूराम चौहान

0
196

नाहन : सिरमौर जिला में नदी-नालों के किनारे हो रहे निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। समाजसेवी नाथूराम चौहान ने नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण को लेकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि मंत्री के ही विधानसभा क्षेत्र में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

नाहन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाजसेवी नाथूराम चौहान ने आरोप लगाया है कि NH 707 पांवटा साहिब लाल ढंग हाटकोटी मार्ग पर  हियोणा खड्ड में खनन विभाग द्वारा चेक पोस्ट और धर्म कांटे का निर्माण किया गया है, जो नियमों के विपरीत है। उनका कहना है कि बरसात के समय इस क्षेत्र में करीब 15 हजार फुट की ऊंचाई से पानी गिरता है, जिससे यहां निर्माण करना खतरनाक साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जैव विविधता की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है, जहां दुर्लभ प्रजाति के पशु-पक्षी और वनस्पतियां पाई जाती हैं। ऐसे में यहां किए जा रहे निर्माण से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है। उनका कहना है कि चेक पोस्ट के निर्माण से स्थानीय लोगों की जमीन और पुराने घराटों को भी खतरा पैदा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 25 में आपदा के कारण हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई हाई पावर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि नदी-नालों से 100 से 125 मीटर की दूरी पर ही किसी भी प्रकार का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलाधीशों को भी स्पष्ट आदेश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर निर्माण किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here