सकारात्मक पत्रकारिता के लिए शिरगुल जनसेवा समिति ने किया मीडिया कर्मियों का सम्मान

0
56

राजगढ़, 06 मार्च : राजगढ़ क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं, ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं तथा सामाजिक गतिविधियों को विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए सकारात्मक और जिम्मेदार ढंग से सामने लाने वाले मीडिया कर्मियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शिरगुल जनसेवा समिति द्वारा एक सादे किंतु गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति ने राजगढ़ के पत्रकारों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।

समिति के संस्थापक देवा रविंद्र कंवर ने बताया कि शिरगुल जनसेवा समिति शिरगुल मंदिर राजगढ़ में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस को चौथा स्तंभ माना जाता है, जो सरकार और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है। राजगढ़ क्षेत्र के मीडिया कर्मियों ने भी हमेशा निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता करते हुए समाज की समस्याओं और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से उजागर किया है। उन्होंने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह तथ्यात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता जारी रखने की उम्मीद जताई।

रविंद्र कंवर ने बताया कि शिरगुल देवता केवल राजगढ़ क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे सिरमौर, शिमला जिले और उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के लोगों के भी आराध्य देव हैं। राजगढ़ स्थित प्राचीन शिरगुल मंदिर में हर वर्ष बैशाख संक्रांति के अवसर पर तीन दिवसीय शिरगुल मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक लोग समिति से जुड़ें और गरीब व असहाय लोगों की सहायता में अपना योगदान दें। इस अवसर पर समिति के सदस्य राजेंद्र ठाकुर, दीक्षांत, राजेंद्र सूद, विजेंद्र, राहुल, हरदेव सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here