RTO सिरमौर की सुबह सवेरे कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन पर वसूला 5.49 लाख रुपये का जुर्माना 

0
96

नाहन : सिरमौर जिला में सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने RTO सिरमौर सोना चौहान के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बुधवार को उत्तराखंड सीमा से सटे मीनस, कफोटा और शिलाई क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 5.49 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

तड़के 6 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोना चौहान खुद इस मोर्चे पर डटी रहीं। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम सुबह ठीक 6:00 बजे नाहन से इन दुर्गम इलाकों के लिए रवाना हो गई थी। टीम ने मीनस, कफोटा और शिलाई के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से अवैध रूप से चल रहे वाहन चालकों और टैक्स चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान पाया गया कि उत्तराखंड (UK) राज्य की अधिकतम गाड़ियाँ बिना वैध टैक्स और परमिट के हिमाचल की सड़कों का उपयोग कर रही थीं। विभाग ने इन वाहनों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए भारी जुर्माना लगाया। आरटीओ नाहन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान कुल 5.49 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई है।

प्रेशर हॉर्न और ओवरलोडिंग पर सख्त वार जुर्माने के अलावा, टीम ने सुरक्षा मानकों से समझौता करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की। कई ट्रकों और निजी बसों में अवैध रूप से लगे प्रेशर हॉर्न को मौके पर ही उतरवाया गया। इसके साथ ही ओवरलोडिंग और दस्तावेज पूरे न होने पर भी चालान किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here