नाहन : ऐतिहासिक शक्तिपीठ श्री कालीस्थान मंदिर नाहन अब एक नए रूप में दिखाई देगा। आज मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत गर्भगृह के पुनर्निर्माण का कार्य आरंभ किया गया। माता के गर्भगृह का निर्माण चांदी से किया जा रहा है। चांदी का यह कार्य बनारस से आये विशेष कारीगरों द्वारा किया गया है । जानकारी के अनुसार चांदी के इस कार्य पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आई है तथा डेढ़ क्विटंल चांदी का इस्तेमाल गर्भ गृह को बनाने में आया है। वहीँ कार्य को 18 फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कालीस्थान मंदिर के महंत किशोरी नाथ ने बताया कि सुबह विधि-विधान से पूजा करने के बाद माता की प्रतिमा को अस्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थापित किया गया, जिसके पश्चात नए गर्भगृह का निर्माण शुरू किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि 18 फरवरी से 22 फरवरी तक विशेष पूजा-अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 22 फरवरी को नए गर्भगृह में माता की प्रतिमा की पुनः स्थापना की जाएगी। इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि शक्तिपीठ श्री कालीस्थान मंदिर में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य हरियाणा, पंजाब के श्रद्धालुओं की भी गहरी आस्था से जुडी है।


