छोग टाली विद्यालय की अनूठी पहल, मेधावी विद्यार्थियो को करवाया विधानसभा भ्रमण

    0
    328

    नाहन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली ने अपने विद्यालय के मेधावी छात्र एवम् छात्राओं  तथा राष्ट्रीय खेलों हेतु चयनित विद्यार्थियों के लिए युथ क्लब प्रभारी सुरेश ठाकुर एवं इको क्लब प्रभारी अलका भलेईक के नेतृत्व में ऐतिहासिक शहर शिमला का एक दिवसीय टूर आयोजित किया। इस दौरान जहां एक ओर विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा संस्थान तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा का सम्पूर्ण  अवलोकन किया। वहीं उन्होंने  उच्च न्यायालय, ओक ओवर, मुख्यमंत्री कार्यालय आदि के बाहरी दृश्य तथा ऐतिहासिक रिज मैदान, ऐतिहासिक अतिथि गृह पीटर हॉफ आदि घूमने का भी आनंद  लिया। 

    विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने  विधानसभा के ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर तथा  भारत की केंद्रीय धारा सभा ( सेंट्रल लेजिस्लेटिव असेंबली) हेतु अंग्रजी हकुमत के दौरान 1925 ईसवी में  पहले भारतीय चुने हुए  अध्यक्ष विट्ठल भाई पटेल की  पृष्ठभूमि पर अपने अमूल्य विचार विद्यार्थियों के साथ सांझा किए। वही विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधान सभा की कार्यवाही तथा विधायक चयन प्रक्रिया पर   विद्यार्थियों को अवगत करवाया। 

    साथ ही सभी विद्यार्थियों को उस गरिमामय  ऐतिहासिक काउंसिल चेंबर का आंतरिक भ्रमण करवाया जहां बैठकर  सरकार तथा प्रतिपक्ष हिमाचल प्रदेश के हितार्थ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विधानसभा सत्र में  चर्चा करते है तथा प्रदेश की जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करते  है । वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, राजूराम उनियाल, दलीप शर्मा ,राम लाल सूर्या तथा रामलाल ठाकुर ने बताया कि काउंसिल चेंबर का यह अवलोकन  विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी एक ऐतिहासिक अनुभव रहा।

    विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर ने इस सफल आयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि  यद्यपि इस बार समय के अभाव के कारण अनुमति के वावजूद भी विद्यार्थी राजभवन का दीदार नहीं कर पाए तथापि  विद्यालय का प्रयास होगा कि आगामी वर्षों में विद्यार्थियों के लिए राजभवन तथा मशोबरा स्थित द रिट्रीट,राष्ट्रपति निवास का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए। ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा तथा विद्यालय प्रबंधन समित के अध्यक्ष देश राज ठाकुर ने विद्यालय प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां यह शैक्षणिक भ्रमण समूह के सदस्यों के लिए  अविस्मरणीय अनुभव  रहा वही  अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरक सिद्ध होगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here