रेणुकाजी बांध परियोजना की सुरंग निर्माण का शुभारंभ, वर्षों बाद शुरू हुआ बहुप्रतीक्षित कार्य

0
61

श्री रेणुका जी : जिला सिरमौर में बहुप्रतीक्षित रेणुकाजी बांध परियोजना के तहत सुरंग निर्माण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार ने पूजा-अर्चना व हवन के साथ परियोजना का भूमि पूजन कर कार्य की औपचारिक शुरुआत की।

जानकारी के अनुसार, गिरी नदी पर बनने वाली इस राष्ट्रीय महत्व की परियोजना के तहत डैम-टू-डैम लिंक की तीन डाइवर्जन सुरंगों का निर्माण किया जाएगा। इन सुरंगों का निर्माण पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जिस पर करीब 910 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे लगभग 30 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 7000 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

विनय कुमार ने कहा कि पांच दशक के लंबे इंतजार के बाद इस बहुउद्देशीय परियोजना का कार्य शुरू होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पल है। इससे जहां सिरमौर जिले में विकास के नए द्वार खुलेंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं दिल्ली सहित हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड को पेयजल और बिजली की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना से प्रभावित होने वाले विस्थापितों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि पुनर्वास और पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा व सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, परियोजना से जुड़े इंजीनियर, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here