नाहन : कैंट हाई स्कूल नाहन के अतिरिक्त भवन का विधायक अजय सोलंकी ने लोकार्पण किया। स्कूल में लंबे समय से भवन की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे देखते हुए यह अतिरिक्त भवन तैयार किया गया है।
विधायक अजय सोलंकी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कैंट हाई स्कूल परिसर में बने अतिरिक्त भवन का आज उद्घाटन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस भवन के निर्माण पर 44 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है। इस भवन के बनने से अब स्कूल में कक्षाओं की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि स्कूल को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास जारी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कैंट हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी का दर्जा दिलाने की मांग भी स्थानीय लोगों द्वारा की गई है जिसको मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और नियम अनुसार जो भी प्रावधान होगा उसके अनुरूप कार्य किया जाएगा।


