डाइट नाहन की एक दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, 160 जेबीटी प्रशिक्षुओं ने दिखाया दमखम

0
111

नाहन : डाइट नाहन द्वारा मंगलवार को एक दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जेबीटी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 160 प्रशिक्षुओं ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और ऊर्जा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मीडिया से बातचीत के दौरान राजीव ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी जेबीटी प्रशिक्षुओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को लेकर प्रशिक्षुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इन खेल प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी आगे चलकर राज्य स्तरीय इंटर डाइट खेलकूद प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों और युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इससे उनमें अनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना का विकास होता है। जेबीटी प्रशिक्षु भविष्य के शिक्षक हैं, ऐसे में खेलों से जुड़ाव उन्हें आगे स्कूलों में बच्चों को भी खेलों के महत्व के प्रति प्रेरित करने में सहायक होगा।

डाइट नाहन के शारीरिक शिक्षक नागेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान में लगभग 200 जेबीटी प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 160 प्रशिक्षुओं ने इस एकदिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और हाई जंप जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here