शिलाई : रोनहाट क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक ऑल्टो कार (HP 85-0428) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब फीट नीचे तालाब खाला नामक गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार रोनहाट से शिलाई की ओर जा रही थी। जैसे ही वह तालाब खाला के पास पहुंची चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया।
हादसे में कुलदीप सिंह (18 वर्ष), पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव शरोग (डाकघर कांडो भटनोल) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ कार में सवार 21 वर्षीय रघुवीर सिंह (पुत्र संतराम, निवासी गांव झकांडों) और 17 वर्षीय प्रकाश सिंह (पुत्र सायबू राम, निवासी गांव मुंडियाड) भी बुरी तरह घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत शिलाई अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की और फिर बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल, पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।


