नाहन शहर में आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। अचानक सामने आए पशुओं के झुंड के कारण एक नाबालिग किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था और अचानक सड़क पर पशुओं के आने से उसने आना नियंत्रण खो दिया।
रविवार दोपहर 3 बजे मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमन खान उम्र 15 वर्ष पुत्र अमजद खान के रूप में हुई है, जो विक्रमबाग गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अमन अपनी बाइक नंबर HR-71 H2325 से एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान, गायों का एक झुंड सड़क पर अचानक सामने आ गया। पशुओं से टकराने से बचने के लिए अमन ने जैसे ही बाइक मोड़ी, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सामने से आ रही एक अन्य बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमन को तुरंत नजदीकी एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटें उसकी मौत का कारण बनीं। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नाहन में करवाया गया।
डीएसपी नाहन रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।


