शिमला : छह विधायक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही तीन निर्दलीय आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में सभी बागी भाजपा में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी मौजूद रहे।
बिंदल ने सभी 9 विधायकों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा हिमाचल का यह बहुत महत्वपूर्ण क्षण है, 70 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब सत्ताधारी दल के 9 विधायक विपक्षी दल की पार्टी में शामिल हुए। इस प्रकार का क्रम कभी भी प्रदेश में नही हुआ।
जयराम ठाकुर ने कहा की हम सभी विधायकों का भाजपा परिवार में स्वागत करते है और इनके पार्टी में आने से पार्टी को बल मिला है। कांग्रेस की सरकार में घुटन का माहौल है और इस कारण सभी विधायक कांग्रेस पार्टी में खुश नहीं है। उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी प्रतिशोध की राजनीति कर रही है और यह इस कांग्रेस के पत्तन का सबसे बड़ा कारण है।
उसके उपरांत सभी नौ विधायकों का शिमला पीटरहॉफ पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ सभी का स्वागत किया और परिसर को भगवामय कर दिया। जय श्री राम के नारों के साथ पूरा वातावरण ऊर्जामय हो गया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का कोई विजन नहीं है। कांग्रेस सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि जब हम अपने लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं तो विधायक होने का क्या मतलब है। इसीलिए राज्यसभा चुनाव में हमने हर्ष महाजन को वोट दिया जो हमारे राज्य से हैं। आज हम सब अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए हैं। जब किसी व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे और आपकी बात सुनने वाला कोई ना हो तो ऐसी जगह पर नहीं रहना चाहिए। मित्रों की सरकार सुक्खू सरकार, फ्रेंड्स कैफे बना सचिवालय।


