नाहन : शहर के गुंनुघाट में ज्वलनशील पदार्थों युक्त सामान से भरे स्टोर में आग लग गई जिससे रिहायशी इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा। सूचना मिलने के बाद तुरंत अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि आखिर कैसे शहर की बीचो-बीच केमिकल युक्त सामान के लिए स्टोर बनाया गया। शुरुआती चरण में शॉर्ट सर्किट आगजनी की वजह मानी जा रही है।
मीडिया से बात करते हुए मौके पर पहुंचे एसडीएम नाहन सलीम आज़म ने बताया कि आगजनी की इस घटना में साफ तौर पर देखने को मिला है कि यहां ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण किया गया था जो उचित नहीं है और इसकी प्रशासन को कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि संबंधित स्टोर के मालिक को इस बारे में नोटिस जारी किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।


