श्री रेणुका जी : श्री रेणुका जी से कांग्रेस विधायक विनय कुमार की विधानसभा उपाध्यक्ष पर नियुक्ति होने के बाद रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल है। रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और खुशी स्वरूप मिठाइयां बाँटी।
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के मेहल जोन अध्यक्ष अनिल शर्मा ने क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से विधायक विनय कुमार को बधाइयां देते हुए उनकी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विधायक विनय कुमार की नियुक्ति से मनोबल बड़ा है और आने वाली लोकसभा चुनाव में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक लगातार क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर रहे हैं और अब उम्मीद है कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विकास को और बल मिलेगा। उन्होंने कहा उपाध्यक्ष बनने के बाद विनय कुमार जब भी अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे तो उनका कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जाएगा।
गौर हो कि रेणुका जी से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए कांग्रेस विनय कुमार को धर्मशाला में शीतकालीन सत्र के दौरान हिमाचल विधानसभा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व वीरभद्र सरकार में विधायक विनय कुमार लोक निर्माण विभाग के CPS भी रह चुके है।


