हरिपुरधार : देश के चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत पर सिरमौर जिला के हरिपुरधार में भी भाजपा नेताओं ने जश्न मनाया, लड्डू बांटे और पटाखे फोड़े। तीनों राज्यों में भाजपा की जीत से गदगद हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और जीत का जश्न मनाते हुए विजय जुलूस निकाला।
दोपहर बाद जैसे ही चुनाव के नतीजों के रुझान आने शुरू हुए, भाजपा कार्यकर्ता दूर-दूर ग्रामीण क्षेत्रों से हरिपुरधार के मुख्य चौक पर एकत्रित होने शुरू हुए। तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के उपरांत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हरिपुरधार चौक पर जमकर जीत का जश्न मनाया और एक दूसरे को मिठाईयां बांटी। बाद में जीत के जुलूस को नुक्कड़ जनसभा में तब्दील किया गया जहां जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने इन तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत को लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने इन तीनों राज्यों में भाजपा की जीत को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याण नीतियों और कार्यक्रमों की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि इन तीनों राज्यों में भाजपा की स्पष्ट जीत से पूरे देश के लिए यह संदेश चला गया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में देशवासी नरेंद्र मोदी की सरकार को पुनः सत्ता सौंपने का मन बना चुके हैं। उन्होंने इस जीत के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और तीनों राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
इस मौके पर बोलते हुए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलवीर ठाकुर ने कहा भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण देश के चार राज्यों में हुए चुनाव में तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को भारी जीत दिला कर वहां के लोगों ने विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी पर अपना विश्वास जताया है।
बलवीर ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है उसी तर्ज पर 2024 के चुनाव में भी पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने तीनों राज्यों में भाजपा की जीत का श्रेय देश की नरेंद्र मोदी सरकार को दिया।केंद्र स्थल हरिपुरधार के अलावा गिरीपार क्षेत्र के गांव गांव में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तीनों राज्यों में भाजपा की जीत के जश्न मनाए गए।
इस अवसर पर टिकरी डसाकना पंचायत के प्रधान मदन राणा, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान रणवीर छिंटा, रेणुका भाजपा मंडल के सचिव गोपाल भंडारी उपाध्यक्ष वेद प्रकाश ठाकुर , सुंदर शर्मा, मनोज झामटा, दिनेश ठाकुर, यशपाल ठाकुर धर्मपाल सूर्या, रमेश सूर्या सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


